प्रयागराज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 29 फरवरी को प्रस्तावित आगमन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के साथ ही जिला प्रशासन ने अफसरों की तैनाती व वाहनों की पार्किंग का होमवर्क मंगलवार को पूरा कर लिया। हंडिया ब्लाक में सीडीओ ने पीएम के कार्यक्रम में दिव्यांगजनों व वृद्धों को लाने के लिए अफसरों को प्रशिक्षण दिया गया। जबकि कलेक्ट्रेट में डीएम भानुचंद्र गोस्वामी ने पार्किंग व्यवस्था पर बैठक की।
परेड मैदान शनिवार को पीएम दिव्यांगजनों और वृद्धों को कृतिम उपकरण वितरित करेंगे। इसके लिए डीएम ने विकास खंडों से आने वाले वृद्धों, दिव्यांगजनों व उनकेसहयोगियों को बसों से कार्यक्रम स्थल तक लाने और वाहनों की पार्किंग की तैयारियों की डीएम ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में अफसरों से जानकारी ली। लाभार्थियों को पंडाल में बैठाने और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उनको घरों तक पहुंचाने के लिए प्रभारी अधिकारियों एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों की तैनाती की गई।
लाभार्थियों के बैठने के लिए आयोजन स्थल को ब्लाक वाइज सेक्टरों में बांटा गया है। जिन बसों से लाभार्थियों को कार्यक्रम स्थल तक लाया जाएगा, उसमें एक बस प्रभारी और दो सहायक प्रभारी मौजूद रहेंगे। इन प्रभारी अधिकारियों की जिम्मेदारी बसों की मानीटरिंग कर लाभार्थियों को सही -सलामत आयोजन स्थल तक पहुंचाने की होगी। परेड में पर्याप्त संख्या में शौचालय बनाए जा रहे हैं। खान-पान एवं पेयजल की व्यवस्था भी रहेगी। इस मौके पर पीडीए उपाध्यक्ष टीके शिबु, एडीएम प्रशासन वीएस दुबे, पीडीए सचिव दयानंद सहित कई अफसर उपस्थित थे।
जाम से बचने के लिए बनेगा ठोस ट्रैफिक प्लान
प्रयागराज। जिलाधिकारी ने पीएम के दौरे के समय यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसा ट्रैफिक प्लान बनाया जाए, जिससे जाम न लगे। किसी तरह के हादसों से बचने के लिए भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि लाभार्थियों को अपने वाहनों को ढूंढ़ने में किसी प्रकार की दिक्कत न होने पाए। इसके लिए उनके वाहनों पर ब्लाक का नाम और नंबर जरूर लिखा जाना चाहिए।
कंट्रोल रूम स्थापित,पीडीए सचिव को कमान
प्रयागराज। पीएम के दौरे के समय परेड में आयोति कार्यक्रम में किसी तरह की असुविधा से बचने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है। इसके संचालन की जिम्मेदारी पीडीए के सचिव दयानंद को दी गई है।
-27000 लाभार्थियों को पीएम के समारोह के लिए चिह्नित किया गया है
-56000 उपकरण दिव्यांगजन व वृद्धजनों को वितरित किए जाएंगे
-1500 बसों की व्यवस्था की गई है लाभार्थियों को कार्यक्रम स्थल तक लाने के लिए
-5000 घड़े व डिस्पोजल ग्लास की व्यवस्था पेयजल सुविधा के मद्देनजर की जाएगी
-300 ट्रकों से लाए जाएंगे उपकरण