लालगोपालगंज- खोदाई के बाद काली जी मंदिर मार्ग पर लगा मलबा का ढ़ेर
कस्बे के काली जी मंदिर मार्ग पर टेलीकॉम कंपनी की लापरवाही के कारण क्षेत्र की जलापूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। फाइबर केबल डालने के लिए की गई खोदाई से जल निगम की मुख्य पाइपलाइन टूट गई जिससे चार दिनों से कई मोहल्लों में पानी नहीं आ रहा है। बगैर अनुमति खोदाई करने पर जल निगम की ओर से टेलीकॉम कंपनी को नोटिस जारी किया गया है।
टेलीकॉम कंपनी ने चार दिन पहले 20 मीटर लंबाई में करीब 15 फीट गहरी खोदाई की थी। इस दौरान जल निगम की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। साथ ही मलबा सड़क पर छोड़ दिया गया। अवर अभियंता सुरेंद्र प्रताप सिंह ने संबंधित टेलीकॉम कंपनी को नोटिस जारी किया है। उनका कहना है कि अवैध खोदाई के कारण सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। टेलीकॉम कंपनी इसकी मरम्मत कराए। अधिशासी अधिकारी पद्मजा मिश्रा ने बताया कि जल निगम और टेलीकॉम कंपनी दोनों को पत्र जारी कर टूटी पाइपलाइन मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं।