कानपुर के ध्यानार्थ
00000000000000000
बंदी की फोटो वायरल, मचा रहा हड़कंप
वायरल वीडियो में कानपुर की एक महिला से कर रहा बात, जेल से वीडियो कॉलिंग चर्चा
जेल अफसरों ने कहा, जेल की नहीं है तस्वीर
अमर उजाला ब्यूरो
नैनी (ब्यूरो)। केंद्रीय कारागर नैनी में निरुद्ध एहतेशाम जैदी की दो तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बृहस्पतिवार को दिनभर हड़कंप मचा रहा। सोशल मीडिया पर दिन भर चर्चा रही कि जैदी जेल के भीतर से कानपुर निवासी महिला से मोबाइल पर वीडियो कालिंग कर रहा है। हालांकि जेल प्रशासन ने इससे साफ इंकार किया। उसका कहना है कि तस्वीर जेल की नहीं है।
जो तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई, उसमें जैदी कानों में ईयर फोन लगाकर वीडियो कॉल करता नजर आ रहा है। यह तस्वीर वीडियो कॉलिंग के दौरान स्क्रीन शॉट के जरिए ली गई। जिसमें ऊपर की ओर बाईं तरफ पॉप अप विंडो में महिला की भी फोटो दिख रही है। हालांकि जेल प्रशासन का कहना है कि यह तस्वीर जेल के भीतर की नहीं है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक एचबी सिंह का कहना है कि तस्वीर में जो ईजी चेयर व दीवार का बैकग्राउंड दिख रहा है, वह जेल के अंदर का नहीं है। गौरतलब है कि पिछले हफ्ते कानपुर की एक महिला ने एसएसपी से लेकर जेल सुपरिटेंडेंट तक को प्रार्थना पत्र देकर जैदी पर जेल के अंदर से फेसबुक के जरिए अश्लील मैसेज करने एवं धमकी देने की शिकायत की थी। पूछताछ पर जैदी ने बताया था कि उसके नाम से फेसबुक पर कुल सात फेक आईडी चल रही है। जिसके लिए उसने एसएसपी को प्रार्थनापत्र भी दिया था। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार को वायरल फोटो में उसी महिला से वीडियो कॉलिंग की फोटो वायरल हुई। मामले में डीआईजी जेल बीआर वर्मा ने बताया कि फोटो के बारे में वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने आरोपी बंदी से बातचीत की है। फोटो फेक है। जिस महिला ने आरोप लगाया है, उसका बंदी से पुराना विवाद चल रहा है।
नए डिप्टी जेलर ने संभाला कार्यभार
नैनी (ब्यूरो)। केंद्रीय कारागार नैनी में दो नए डिप्टी जेलरों ने आमद करा ली है। इस लिहाज से यहां से ट्रांसफर हुए दोनों डिप्टी जेलरों की पोस्ट भर गई है। नए डिप्टी जेलरों में प्रिय कुमार मिश्रा व महिला डिप्टी जेलर आरती पटेल हैं। वरिष्ठ जेल अधीक्षक एचबी सिंह ने बताया कि उनके एक डिप्टी जेलर शिवशंकर सिंह दो दिन पहले रिटायर्ड हो गए। डिप्टी जेलर आशुतोष मिश्रा समेत दो लोगों का ट्रांसफर हो चुका है। दो नए लोग आए हैं। जिनमें आरती पटेल छुट्टी पर चली गई हैं। 11 जुलाई को आएंगी।