उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय की पीएचडी प्रवेश परीक्षा-2023 का परिणाम परीक्षा के पांच घंटे बाद ही घोषित कर दिया गया। कुलपति प्रो. सीमा सिंह ने परीक्षा परिणाम की घोषणा की, जिसके बाद परिणाम विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन कर दिया गया। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए शीघ्र ही साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा।
पीएचडी प्रवेश परीक्षा के समन्वयक प्रो. पीके पांडेय के अनुसार प्रवेश परीक्षा मंगलवार सुबह 10:30 से दोपहर 12 तक त्रिवेणी सामुदायिक केंद्र स्थित परीक्षा केंद्र में आयोजित हुई। विश्वविद्यालय में उपलब्ध 15 विषयों में प्रवेश के लिए 403 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे, जिनमें से 264 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। शिक्षाशास्त्र विषय में सर्वाधिक 86 और हिंदी में 33 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। पहली बार शामिल हुए विषय गणित में सात और जंतु विज्ञान में 11 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
कुलपति प्रो. सीमा सिंह ने ने परीक्षा के सफल आयोजन एवं तत्काल परीक्षा परिणाम तैयार करने पर पीएचडी प्रवेश परीक्षा समिति के समन्वयक प्रोफेसर पीके पांडेय, परीक्षा नियंत्रक देवेंद्र प्रताप सिंह, कुलसचिव कर्नल विनय कुमार, वित्त अधिकारी शशि भूषण सिंह तोमर, प्रोफेसर जय प्रकाश यादव आदि का आभार जताया।