खाद्य विभाग एवं स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने एक गोदाम पर छापा मारकर लाखों रुपये का नकली सामान बरामद किया। गोदाम में ब्रांडेड कंपनियों के रैपर लगाकर नकली सामान की आपूर्ति की जाती थी। नकली माल की आपूर्ति करने वालों के खिलाफ पुलिस मुकदमा दर्ज कर पूछताछ कर रही है।
फाफामऊ क्षेत्र के पुरानी गली निवासी पंकज केसरवानी पुत्र छेदीलाल केसरवानी शांतिपुरम सेक्टर ए में मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के नाम से गोदाम बनाया है। ईआईपीआर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड मुंबई के मार्केटिंग एवं चेकिंग अफसर देवेंद्र प्रताप सिंह को सूचना मिली कि कई कंपनियों के माल का रैपर बनाकर नकली एवं मिलावटी सामान बेचा जा रहा है।
उन्होंने बृहस्पतिवार की शाम को स्थानीय पुलिस की मदद से गोदाम पर छापा मारा। वहां पर अनिक घी, टाटा नमक, प्रीमियम चाय, बोरोप्लस डिटॉल, नेस्कैफे, शैंपू, एक्सेल पाउडर आदि अनेक कंपनियों के रैपर एवं माल पकड़े गए। सभी माल को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। कंपनी के अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह की तहरीर पर पुलिस ने पंकज केसरवानी, मुकेश चंद केसरवानी, गोपाल चंद केसरवानी के खिलाफ अनेक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। खाद्य विभाग ने घी, चाय एवं नमक का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके पर मौजूद पंकज केसरवानी को हिरासत में लेकर पूछताछ करती रही।