उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने 22 फरवरी को हुई अंतिम चरण की प्रवक्ता भर्ती (पीजीटी) परीक्षा की ‘आंसर की’ जारी कर दी है। चयन बोर्ड की ओर से समाजशास्त्र, वाणिज्य, अंग्रेजी, संगीत गायन, वनस्पति विज्ञान, संस्कृत, शारीरिक शिक्षा, भौतिकी, शिक्षा शास्त्र, तर्कशास्त्र, गणित, भूगोल एवं कला विषयों के लिए परीक्षा 22 फरवरी को दो पालियों में कराई गई थी। चयन बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. परशु राम पाल ने बताया कि परीक्षार्थी वेबसाइट से अपने रिजल्ट का मिलान करके भ्रम की स्थिति में अपनी आपत्ति चयन बोर्ड को सप्ताह भर में भेज सकते हैं।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की टीजीटी-पीजीटी परीक्षा के अभ्यर्थी अपने रिजल्ट की जांच कर सकेंगे। रिजल्ट के बाद अभ्यर्थी किसी दूसरे प्रतियोगी का भी रिजल्ट देख सकेंगे। परीक्षा परिणाम तैयार करने में चयन बोर्ड पूरी सावधानी बरतेगा। चयन बोर्ड शिक्षक भर्ती के परिणाम को अपनी वेबसाइट पर डालने के साथ अभ्यर्थियों के अंक भी जारी करेगा। इससे अभ्यर्थी किसी अन्य परीक्षार्थी के भी अंक जान सकेंगे। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. परशुराम पाल ने बताया कि टीजीटी एवं पीजीटी परीक्षा को लेकर आई आपत्तियों की डाटा फीडिंग कर ली गई है। 10 मार्च से आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 15 दिन में आपत्ति निस्तारण करके चयन बोर्ड विशेषज्ञों की राय लेकर परीक्षा परिणाम जारी करेगा।