इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रवेश परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की तरफ एक कदम और बढ़ा दिया है। इस बार परास्नातक (पीजीएटी) तथा एलएलबी तीन वर्षीय पाठ्यक्रम के लिए भी सिर्फ ऑनलाइन आवेदन मांगे जाने की तैयारी की जा रही है। इतना ही नहीं ऑनलाइन फीस जमा करने की प्रक्रिया भी आसान होने जा रही है। इसके लिए अब बैंकों में लाइन लगाने की मजबूरी नहीं होगी।
दो साल पर एमबीए और एमबीएआरडी के लिए सिर्फ ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। अन्य पाठ्यक्रमों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से आवेदन लिए गए थे। पिछले साल एमबीए और एमबीएआरडी के अलावा शोध प्रवेश परीक्षा (क्रेट), एलएलएम, बीएड, एमएड के लिए भी ऑफलाइन आवेदन की छूट नहीं थी। सिर्फ ऑनलाइन आवेदन मांगा गया। इस बार पीजीएटी और एलएलबी तीन वर्षीय पाठ्यक्रम के लिए भी सिर्फ ऑनलाइन आवेदन मांगे जाने की तैयारी है। हालांकि प्रवेश प्रकोष्ठ की ओर से सभी पाठ्यक्रमों के लिए सिर्फ ऑनलाइन आवेदन का प्रस्ताव तैयार किया गया है लेकिन इन दो कोर्सेेज के लिए सहमति बनने की बात कही जा रही है।
पिछले साल तक ऑनलाइन आवेदन के लिए फीस चालान से जमा होता था। इसके लिए रजिस्ट्रेशन के बाद चालान जनरेट होता था। उसे लेकर बैंक में चालान बनवाना होता था। फिर दोबारा फार्म सबमिट करना होता था लेकिन अब चालान के अलावा ऑनलाइन फीस जमा करने का विकल्प भी दिया जाएगा। प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रोफेसर जगदम्बा सिंह ने बताया कि अभ्यर्थी ऑनलाइन बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड या एटीएम कार्ड की मदद से फीस जमा कर सकेंगे। इसके लिए बैंक जाने की जरूरत नहीं होगी। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में आवेदन की पूरी प्रक्रिया ही ऑनलाइन करने की तैयारी है।