इविवि एवं संघटक महाविद्यालयों में परास्नातक अंतिम सेमेस्टर और प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों के अंतिम सेमेस्टर की ऑनलाइन परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। ऑनलाइन परीक्षाएं 23 सितंबर से शुरू होने जा रही हैं।
16 अक्तूबर तक सभी विषयों की परीक्षाएं पूरी हो जाएंगी। इस दौरान ऑनलाइन प्रैक्टिकल भी होंगे। इसमें एसाइनमेंट के आधार अंक दिए जाएंगे। ऑनलाइन परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम वेबसाइट पर उपलब्ध है।
ऑनलाइन परीक्षाएं दो पालियों सुबह 10 से दोपहर दो और दोपहर एक से शाम पांच बजे तक होंगी। परीक्षार्थियों को दो घंटे में पेपर हल करना होगा। इसके बाद अगले दो घंटे में निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी उत्तरपुस्तिका की पीडीएफ पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। एमए की परीक्षाएं पहली पाली में 28 सितंबर से शुरू होंगी।
पहले दिन एमए अंतिम सेमेस्टर दर्शनशास्त्र की परीक्षा होगी। एमएसी की परीक्षाएं 23 सितंबर से शुरू होंगी। परीक्षाएं दूसरी पाली में होंगी। पहले दिन एमएससी कॉग्नेटिव साइंस की परीक्षा होगी। एमकॉम की परीक्षा पांच से 14 अक्तूबर तक दूसरी पाली में आयोजित की जाएगी। वहीं, एलएलएम अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा 28 एवं 29 सितंबर को दूसरी पाली में होगी।
एमएड की परीक्षा पांच से नौ अक्तूबर तक होगी। प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों की अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं 28 सितंबर से 15 अक्तूबर तक दूसरी पाली में आयोजित की जाएंगी।
पहले दिन बीवोक अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा आयोजित की जाएगी। बीएड की परीक्षा छह से नौ अक्तूबर तक, एमएबीएआरडी की एक से 10 अक्तूबर तक, एमबीए की पांच से 12 अक्तूबर, एमसीए और बीसीए की छह एवं सात अक्तूबर और पीजीडीसीए की परीक्षा छह से 12 अक्तूबर तक आयोजित की जाएगी।
इविवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. रामेंद्र सिंह ने बताया कि परास्नातक अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाओं का कार्यक्रम यूजीसी नेट के टाइम टेबल को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, ताकि यूजीसी नेट में शामिल होने जा रहे पीजी अंतिम सेमेस्टर के छात्रों को दिक्कत न हों और दोनों परीक्षाओं की तिथियां आपस में नहीं टकराएं।
बीकॉम अंतिम वर्ष की परीक्षा पूरी
इविवि एवं संघटक कॉलेजों की सोमवार पहली पाली में स्नातक अंतिम वर्ष हिंदी एवं उर्दू और दूसरी पाली में बीकॉम तृतीय वर्ष की ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की गई। इसमें 2200 परीक्षार्थी शामिल हुए। इसके साथ बीकॉम की परीक्षा पूरी हो गई। इससे पहले बीएससी होमसाइंस, एलएलबी और बीएएलएलबी की ऑनलाइन परीक्षाएं संपन्न हो चुकी हैं।
सोमवार को भी ऑनलाइन परीक्षा के दौरान समस्या बनी रहीं। उत्तरपुस्तिका की पीडीएफ अपलोड न होने की शिकायत लेकर कई छात्र हॉर्डकॉपी जमा करने के लिए परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पहुंच गए। उनकी कॉपियां जमा कराई गईं। वहीं, कई छात्रों ने एक उत्तरपुस्तिका की एक से अधिक पीडीएफ पोर्टल पर अपलोड कर दी, जिससे कॉपियां छांटने में दिक्कत आई।