पेट्रोल-डीजल के दाम में पिछले एक माह से लगातार बढ़ रहे हैं। माह भर में पेट्रोल के दाम में तकरीबन तीन रुपये का इजाफा हुआ है। इसी तरह डीजल के दाम में भी तकरीबन ढाई रुपये की बढ़ोत्तरी हुई है। तेल कंपनियां हर रोज पेट्रोल-डीजल के नए दाम जारी कर रही हैं। लेकिन पिछले माह दो जुलाई से लगातार इन दोनों के दाम में बढ़ोत्तरी देखने को मिली है।
तेल कंपनियों द्वारा 16 जून से हर रोज पेट्रोल-डीजल के दाम जारी किए जा रहे हैं। कंपनियों का तर्क है कि वे इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की कीमत के आधार पर पेट्रोल-डीजल के दाम तय कर रही है। वैश्विक बाजार में वर्तमान समय कच्चे तेल की कीमत 55 रुपये प्रति बैरल से ज्यादा है।
इलाहाबाद की बात करें तो 16 जून से दो जुलाई तक पेट्रोल-डीजल के दाम में गिरावट आई। 16 जून को यहां पेट्रोल का रेट 68.42 प्रति लीटर (इंडियन ऑयल) और डीजल का 56.04 रुपये प्रति लीटर रहा। इसके बाद इन दोनों के दाम में लगातार गिरावट दर्ज हुई। 30 जून की बात करें तो यहां पेट्रोल का 66.72 और डीजल का दाम 55.16 रुपये हो गया। इस अवधि में दो जुलाई को इन दोनों के दाम में सर्वाधिक कमी रही। तब पेट्रोल का दाम 66.49 और डीजल का दाम 55.04 रहा। इसके बाद से पेट्रोल और डीजल के दाम में हर रोज कुछ पैसों की बढ़ोत्तरी का क्रम जारी है। माह भर के दौरान पेट्रोल के दाम में जहां तकरीबन तीन रुपये की बढ़ोत्तरी हुई हो तो वहीं डीजल के दाम में तकरीबन ढाई रुपये की बढ़त हो चुकी है। इस बारे में इंडियन ऑयल कारपोरेशन के सीनियर डिवीजन रिटेल अफसर किशोर सोनक का कहना है कि अब हर रोज अंतर्राष्ट्रीय मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों के आधार पर कंपनियां पेट्रोल-डीजल का दाम तय कर रही है।
इस रफ्तार से बढ़ रहा है दाम
तारीख पेट्रोल डीजल
02 जुलाई 66.49 55.04
10 जुलाई 67.10 56.06
20 जुलाई 67.71 55.90
25 जुलाई 67.96 55.99
30 जुलाई 68.30 56.21
05 अगस्त 69.31 57.08
08 अगस्त 69.47 57.42