कम खर्च में हुई जटिल सर्जरी
एसआरएन अस्पताल में यह सर्जरी करीब 50 हजार रुपये में की गई, जबकि निजी अस्पतालों में इस तरह की सर्जरी पर पांच लाख रुपये से अधिक खर्च आता है। डॉ. दिलीप चौरसिया के अनुसार, सर्जरी के बाद मरीज में शारीरिक, मानसिक और व्यवहार संबंधी बदलाव आए हैं। डॉ. मोहित जैन ने बताया कि यह कई चरणों में पूरी होने वाली जटिल सर्जरी थी। इसके करीब डेढ़ साल बाद शारीरिक बदलाव दिखने शुरू होते हैं। डॉक्टर के मुताबिक, फिलहाल मरीज में प्रजनन क्षमता नहीं है।
अब खुद को सुरक्षित महसूस करता है युवक
युवक ने बताया कि माता-पिता की मौत के बाद वह काफी अकेला पड़ गया था। समझ नहीं आ रहा था कि आगे क्या करे। ऐसे समय में रिश्तेदारों से ज्यादा दोस्तों ने मदद की। उसका कहना है कि कई लोग सांत्वना देने के बहाने उसका फायदा उठाने की कोशिश करते थे। इसी असुरक्षा के कारण उसने पुरुष के रूप में जीवन जीने का निर्णय लिया।
उसने बताया कि अब उसे रात में घर से निकलने में डर नहीं लगता और वह अपनी सुविधा से कहीं भी आ-जा सकता है। उसके पिता पुलिस विभाग में थे। ऐसे में अनुकंपा के आधार पर कुछ समय पहले उसे पुलिस विभाग में कार्यालय का कामकाज मिल गया है।