झलवा स्थित केपी उच्च शिक्षा संस्थान में बुधवार को आयोजित वृहद रोजगार मेले में एक हजार से अधिक अभ्यर्थियों का चयन हुआ। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से आयोजित मेले में 21 कंपनियों ने अलग-अलग पदों पर भर्ती की।
मुख्य अतिथि महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता में है। सरकार की ओर से बड़ी संख्या में भर्तियां निकाली गई हैं और यह क्रम लगातार जारी है। भर्तियां निष्पक्ष और समय से हों इसे भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
संस्थान के एमडी ओपी पांडेय ने बताया कि मेले में 8000 युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से एक हजार से अधिक को सफलता मिली। इनको 10 हजार से 25 हजार रुपये मासिक वेतन मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस तरह के आयोजन होते रहेंगे। इस दौरान संस्थान के अध्यक्ष एसएन मिश्रा, प्रबंधक शारदा पांडेयश, क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी रत्नाकर आदि मौजूद रहे।