गलत उम्र बताकर पति व तीन बेटे समेत वृद्धावस्था पेंशन का लाभ उठाना प्रयागराज में जुगनीडीह की ग्राम प्रधान के लिए महंगा साबित हुआ। जांच के बाद डीएम ने प्रधान को दोषी करार देते हुए पद से हटा दिया।
ग्राम प्रधान सभी की उम्र साठ साल से ज्यादा दर्शाकर वृद्धावस्था पेंशन ले रही थीं। दी गई पेंशन की रकम वसूल करने के बाद अब विभाग दंडात्मक कार्रवाई करने जा रहा है।
जुगनीडीह के पूर्व प्रधान अबरार हुसैन के बेटे शहरयार हुसैन ने डीएम को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि ग्राम प्रधान अख्तरी बानो समाज कल्याण विभाग की आंखों में धूल झोंक कर अपने पूरे कुनबे के साथ वृद्धावस्था पेंशन का लाभ ले रही हैं।
डीएम के आदेश पर सीडीओ ने मामले की जांच समाज कल्याण अधिकारी द्वारा करवाई तो मामले का खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि ग्राम प्रधान अख्तरी बानो (55), पति रफीक अहमद (60), तीन बेटों फैजान अहमद (32), रिजवान अहमद (28), सलमान अहमद (24) समेत वृद्धावस्था पेंशन का लाभ ले रही थीं।
सभी की उम्र 60 वर्ष से अधिक दिखाई गई थी। डीएम के निर्देश पर 12 प्रतिशत ब्याज के साथ दोषियों से एक लाख तीन हजार चौदह रुपये वसूल की गई थी।