जिले में करीब 19 हजार बुजुर्गों की वृद्धावस्था पेंशन पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। समाज कल्याण विभाग ने ऐसे सभी पेंशनधारकों को चेतावनी दी है। विभाग का कहना है कि जिन्होंने अब तक फैमिली आईडी नहीं बनवाई है, उनकी पेंशन रोक दी जाएगी।
जिले में इस समय एक लाख 63 हजार बुजुर्ग वृद्धावस्था पेंशन का लाभ ले रहे हैं। इनमें से 1.36 लाख पेंशन धारकों के पास राशन कार्ड हैं जिससे इन्हें फैमिली आईडी से छूट दी गई है। वहीं आठ हजार बुजुर्गों ने फैमिली आईडी बनवा ली है।
हालांकि अब भी 19 हजार बुजुर्ग ऐसे हैं जिनके पास न तो राशन कार्ड है और न ही फैमिली आईडी। समाज कल्याण विभाग ने ऐसे लाभार्थियों को तत्काल फैमिली आईडी बनवाने के निर्देश दिए हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रामशंकर ने बताया कि दीपावली तक का समय दिया गया है। इसके बाद जिनके पास फैमिली आईडी नहीं होगी, उनकी पेंशन रोक दी जाएगी। उन्होंने अपील की है कि सभी पात्र जल्द से जल्द फैमिली आईडी बनवा लें।
हर तीन माह में खर्च होते हैं 49 करोड़ रुपये
जिले में वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत हर तीन माह में लगभग 49 करोड़ रुपये शासन की ओर से सीधे पेंशनधारकों के खातों में भेजे जाते हैं। जिनके पास फैमिली आईडी है, उनके खातों में तीन माह की पेंशन भेजी जा रही है। विभाग को उम्मीद है कि दीपावली तक अधिकांश लाभार्थियों के खातों में पेंशन की राशि पहुंच जाएगी।