जार्जटाउन में बुलडोजर से दुकान गिराने के बाद थाने में जुटे लोग।
- फोटो : अमर उजाला।
जार्जटाउन में पीडीए की टीम ने शुक्रवार को थाने के बगल स्थित एक दुकान को बुलडोजर से ढहा दिया। इससे वहां हंगामा हो गया। गुस्साए लोग जार्जटाउन थाने पहुंच गए। पीड़ित दुकानदार ने आरोप लगाया कि बिना किसी सूचना या नोटिस के भवन को गिरा दिया गया। मामला बढ़ता देख मौके पर एसीपी कर्नलगंज राजीव यादव टीम के साथ थाने पहुंचे। पीड़ित दुकानदार छोटे लाल मिश्र ने पीडीए के अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ तहरीर दी है। जार्जटाउन थाने के बगल स्थित एक मकान है। उक्त मकान में चार भाईयों चाय, समोसे, फोटो कॉपी की दुकान है।
आरोप है कि शुक्रवार दोपहर पीडीए की टीम मौके पर पहुंची और मकान को ढहाना शुरू कर दिया। जब उनसे नोटिस के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कोई जवाब देने से इन्कार किया और ना ही नोटिस दिखा पाए। उन पर रुपये मांगने को लेकर भी आरोप लगाया गया है। यह देख पार्षद आजाद स्क्वायर रितेष मिश्रा उर्फ आशु पंडित समेत अन्य लोग पीडीए अधिकारी संग थाने पहुंच गए।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उनके मकान पर हाईकोर्ट से स्टे चल रहा था। बावजूद इसके पीडीए की ओर से कार्रवाई की गई है। वहीं, जार्ज टाउन कार्यकारी थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि दुकानदार की ओर से पीडीए के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है, मामले की जांच की जा रही है।