पीडीए ने अवैध कब्जेदारों और अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बुधवार को झलवा में प्राधिकरण की करीब एक हजार वर्ग मीटर जमीन कब्जा मुक्त कराई। इस भूमि की बाजारू कीमत करीब तीन करोड़ रुपये है। वहीं तीन अन्य कब्जेदारों को बेदखल कर मूल आवंटियों को कब्जा दिलाया गया। वहीं, बिना नक्शे के निर्माणाधीन पांच अवैध निर्माण ध्वस्त कराए गए। कार्रवाई से इलाके में हड़कंप की स्थिति रही।
पीडीए उपाध्यक्ष अंकित अग्रवाल के निर्देश पर जोनल अधिकारी प्रवर्तन दल प्रभारी आलोक कुमार पांडेय ने झलवा पहुंचकर दिन में 11 बजे कार्रवाई शुरू की। यहां पीडीए की भूमि पर काबिज लोगों को खदेड़कर निर्माण ध्वस्त कराए गए। कब्जा मुक्त करीब एक हजार वर्ग मीटर जमीन की कीमत तीन करोड़ रुपये है।
जोनल अधिकारी आलोक पांडेय ने बताया कि तीन अन्य भूखंडों को कब्जा मुक्त कराकर मूल आवंटियों को कब्जा दिया गया। वहीं झलवा में ही सुनील कुमार साहू, अभय सिंह, कंचन यादव, अमृत लाल के निर्माण ध्वस्त किए गए। कार्रवाई में क्षेत्रीय अवर अभियंता एके सिंह, प्रवर्तन दल कर्मचारी शामिल रहे।