इस साल पीसीएस-जे, आरओ/एआरओ भर्ती मुश्किल
प्रयागराज। इस साल पीसीएस जे और समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) की भर्ती मुश्किल है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) को इन दोनों ही परीक्षाओं के लिए पदों का अधियाचन अभी नहीं मिला है।
यूपीपीएससी की ओर से इस बार वर्ष 2019 और 2020 का परीक्षा कैलेंडर एक साथ जारी किया गया है। दोनों ही कलेंडरों में पीसीएस जे और आरओ/एआरओ परीक्षा को शामिल नहीं किया गया है। आयोग के सूत्रों का कहना है कि पीसीएस जे एवं आरओ/एआरओ परीक्षा के लिए पदों का अधियाचन ही प्राप्त नहीं हुआ है। ऐसे में वर्ष 2019 में इन दोनों परीक्षाओं का आयोजन मुश्किल है। वर्ष 2020 में इन दोनों परीक्षाओं का आयोजन किया जा सकता है।
हालांकि, आयोग ने पीसीएस जे 2018 का अंतिम चयन परिणाम कुछ दिन पहले ही जारी किया है और इस बार पीसीएस जे के 610 पदों पर चयन किया गया है। वहीं, आरओ/एआरओ-2017 की मुख्य परीक्षा हो चुकी है और अब इसके परिणाम का इंतजार किया जा रहा है। इन परिस्थितियों में दोनों परीक्षाओं के लिए इस साल पदों का अधियाचन आने की उम्मीद बहुत कम है।