सामाजिक समरसता का संदेश लेकर भारतीय जनता पार्टी की ओर से शुक्रवार को निकल गई पावन माटी कलश यात्
- फोटो : Samvad
संत रविदास के 650वें जयंती वर्ष पर भाजपा की ओर से चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को पावन माटी कलश यात्रा का शुभारंभ किया गया। संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से लाई गई पावन माटी से भरे कलश को सिविल लाइन स्थित भाजपा कार्यालय से रथ के माध्यम से रवाना किया।
भाजपा कार्यालय से रवाना होने के बाद यह कलश यात्रा दक्षिणी विधानसभा के निषादराज पार्क करेलाबाग पहुंची। वहां से दक्षिणी क्षेत्र की यात्रा का औपचारिक आरंभ हुआ। इस दौरान कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने पावन माटी के कलश को अपने सिर पर रखकर यात्रा की अगुवाई की।
डीजे और गाजे-बाजे की धुनों के बीच भक्ति गीतों पर थिरकते लोगों की मौजूदगी ने पूरे माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। यात्रा आंबेडकर बस्ती लाल कॉलोनी चौक, सब्जी मंडी चौराहा और खत्री पाठशाला चौराहा से होते हुए रोटरी पार्क पहुंचकर पहले दिन के पड़ाव पर समाप्त हुई।
इस अवसर पर मंत्री नंदी ने संत रविदास के विचारों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने एक ऐसे समाज की कल्पना की थी जहां किसी भी प्रकार का भेदभाव न हो। अभियान के जिला संयोजक आनंद सोनकर ने बताया कि यह अभियान 29 जुलाई से शुरू होकर आगामी 20 फरवरी 2027 तक विभिन्न चरणों में संचालित किया जाएगा।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, पूर्व मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी, विक्रमजीत भदौरिया, आनंद श्रीवास्तव, रमेश पासी, डाॅ. शैलेश पांडेय, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा आदि रहे।