थाना क्षेत्र के भडऱा उमरगंज स्थित ढाबे पर पहुंची एसओजी टीम के साथ पासर गिरोह के सदस्यों ने मारपीट की। इसकी जानकारी आलाधिकारियों को हुई तो देर रात की कई थाने की फोर्स ने छापेमारी करते हुए पूर्व प्रधान उसके भाई व दो पुत्रों सहित आधा दर्जन लोगों को अपने साथ थाने ले आई, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि ओवरलोड गाडिय़ों को पास करने वाले पासर गैंग के एक सदस्य की गिरफ्तारी को लेकर एसओजी टीम बुधवार रात भडऱा उमरगंज गांव स्थित ढाबे पर पहुंची थी। टीम अभियुक्त को पकडक़र अपने साथ ले जा रही थी। आरोप है कि तभी वहां मौजूद अन्य सदस्यों ने टीम से विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढने पर गांव के लोग इकट्ठा हो गए। टीम सादे ड्रेस में थी तो गांव वालों उन्हें पहचान नहीं सके। इसके बाद इकट्ठा भीड़ टीम के साथ मारपीट करने लगे। भीड़ देखकर टीम के लोग वहां से भाग गए लेकिन कुछ देर बाद भारी फोर्स के साथ गांव में फिर से छापेेमारी की गई।
टीम ने पूर्व प्रधान जहीर उसके भाई शहजाद व दो पुत्रों सहित आधा दर्जन लोगों को पकडकर नैनी कोतवाली ले आई। खबर लिखे जाने तक पकड़े गए लोगों से टीम पूछताछ कर रही थी। जानकारी होने पर कई पूर्व प्रधान के साथ स्थानीय सपा नेता भी उन्हें छुड़ाने के लिए थाने पहुंच गए। उनके साथ बड़ी संख्या में गांव के लोग भी पहुंचे थे जो देर शाम तक थाने के बाहर खड़े रहे। मामले में इंस्पेक्टर नैनी सुनील बाजपेयी ने बताया कि एसओजी की टीम उन्हे लेकर आई है। टीम उनके पूछताछ कर रही है। मारपीट की जानकारी नहीं है। टीम द्वारा जो तहरीर दी जाएगी, उसी पर कार्रवाई होगी। वहीं सीओ करछना राजेश कुमार यादव ने बताया कि उन्हें एसओजी के साथ मारपीट की किसी तरह की घटना की कोई जानकारी नहीं है। संवाद