मेरठ जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस निरस्त होने से शुक्रवार को यात्री भड़क गए। नाराज यात्रियों ने प्रयागघाट और प्रयाग जंक्शन पर खूब शोरशराबा किया। यात्रियों का कहना था कि नौचंदी एक्सप्रेस अगर निरस्त भी की गई तो उन्हें इसकी जानकारी पूर्व में क्यों नहीं दी गई। तमाम यात्री अड़ गए कि नौचंदी के स्थान पर दूसरी ट्रेन लखनऊ के लिए चलाई जाए। बाद में रेलकर्मियों के काफी समझाने के बाद ही यात्री शांत हुए। बताया जा रहा है कि लखनऊ-रायबरेली-वाराणसी रेलखंड पर नॉन इंटरलॉकिंग के लिए उत्तर रेलवे की ओर से पांच दिन का ब्लॉक लिया गया है। यह ब्लॉक 15 से 19 मार्च तक रहेगा। इस अवधि में उत्तर रेलवे ने संबंधित रूट की कई ट्रेनों को निरस्त किया है, जबकि कुछ ट्रेनें आंशिक रूप से भी निरस्त की गई हैं। जिन ट्रेनों को आंशिक रूप से निरस्त किया गया उसमें नौचंदी एक्सप्रेस भी शामिल रही।