प्रयागराज। भगवान श्रीराम से जुड़े धार्मिक स्थलों के लिए रेलवे की ओर से रामायण यात्रा ट्रेन चलाई जा रही है। ट्रेन का प्रयागराज में भी आगमन होगा। इस दौरान ट्रेन से आने वाले यात्रियों को गंगा-यमुना के संगम के साथ शृंग्वेरपुर, भरद्वाज आश्रम और बड़े हनुमान जी के दर्शन का मौका मिलेगा।
भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) की ओर से संचालित यह ट्रेन दिल्ली के सफदरगंज से चलेगी, जो अयोध्या से रामेश्वरम तक प्रभु श्रीराम से जुड़े धार्मिक स्थलों तक यात्रियों को ले जाएगी। ट्रेन का पहला पड़ाव अयोध्या रहेगा। वहां राम जन्मभूमि मंदिर, हनुमान गढ़ी, राम की पैड़ी आदि स्थलों पर लोग जाएंगे। इसके बाद नंदीग्राम, जनकपुर (नेपाल), सीतामढ़ी (बिहार), बक्सर, वाराणसी, सीतामढ़ी (उत्तर प्रदेश), प्रयागराज, चित्रकूट, नासिक (पंचवटी), हंपी और रामेश्वरम होते हुए वापस ट्रेन दिल्ली के लिए रवाना होगी।
यात्रा के दौरान ट्रेन में चाय, नाश्ता, दोपहर और रात का शाकाहारी भोजन दिया जाएगा। उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि रामायण यात्रा 16 रात एवं 17 दिन में पूरी होगी।