प्रयागराज जंक्शन पर प्रयागराज एक्सप्रेस में कतारबद्ध होकर प्रवेश करते यात्री।
- फोटो : अमर उजाला।
महाकुंभ के भीड़ प्रबंधन का अनुभव शनिवार को प्रयागराज जंक्शन पर इस्तेमाल किया। महाकुंभ की तर्ज पर पहले से ही विशेष ट्रेनें तैयार रखीं गई। दिल्ली रूट की भीड़ बढ़ी तो विशेष ट्रेन को प्लेटफाॅर्म पर लगा दिया गया। ट्रेन रात सवा नौ बजे करीब एक हजार यात्रियों को लेकर नई दिल्ली के लिए रवाना हुई।
प्रयागराज एक्सप्रेस की रवानगी के दौरान भी यही व्यवस्था रही। लाइन में लगातार यात्रियों को चढ़ाया गया। एडीआरएम दीपक कुमार सीसीटीवी कक्ष से भीड़ का जायजा लेते रहे। स्टेशन निदेशक वीके द्विवेदी, जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह और स्टेशन मैनेजर दिलीप ठाकुर भी अपनी टीम के साथ यात्रियों को ट्रेन में चढ़ाने का सहयोग करते दिखे। इस दौरान जंक्शन पर रस्सा बांधकर यात्रियों को कतार में लगाया गया।
प्रयागराज जंक्शन पर प्रयागराज एक्सप्रेस में कतारबद्ध होकर प्रवेश करते यात्री।
- फोटो : अमर उजाला।
हंडिया के राम सजीवन पाल ने बताया कि ऐसी ही व्यवस्था अगर हर रोज हो तो जनरल कोच में सफर करने वाले यात्रियों को दिक्कत नहीं आएगी। इसी तरह रामबाग के मनीष गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता जो दिल्ली स्थित एक फैक्टरी में मजदूरी करते हैं ने बताया कि पहली बार दिवाली के बाद ट्रेन में वह आसानी से चढ़ सके।
हर स्पेशल ट्रेन के लिए लगेंगे फ्लैक्स
प्रयागराज जंक्शन से विशेष ट्रेन का जब संचालन होता तो उस ट्रेन के लिए विशेष फ्लैक्स लगेंगे। इसमें ट्रेन का नंबर, गंतव्य स्थल, ट्रेन कब और किस स्टेशन पर पहुंचेगी, लाइव लोकेशन लिए एनटीईएस की जानकारी दी जाएगी।