फ्रेट कॉरिडोर पर पहली बार दौड़ी यात्री ट्रेन।
- फोटो : अमर उजाला।
भारतीय रेलवे के लिए 29 अक्तूबर का दिन विशेष रहा। बुधवार को पहली बार रेलवे प्रशासन ने मालगाड़ी के लिए बनाए गए ईस्टर्न डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (ईडीएफसी) पर किसी यात्री ट्रेन का संचालन किया। रात 9:30 बजे के आसपास गया-शकूरबस्ती स्पेशल ट्रेन ने उत्तर मध्य रेलवे से फ्रेट कॉरिडोर में प्रवेश किया। खास बात यह है कि इसे रातभर एनसीआर जोन में रोका नहीं जाएगा। बिना रुके 600 किमी से अधिक का सफर कर सुबह नौ बजे के आसपास गाजियाबाद में इसका अधिकृत ठहराव रहेगा।
दरअसल फ्रेट कॉरिडोर मुख्य रूप से मालगाड़ियों की आवाजाही के लिए ही बनाया गया है। यूं तो मुख्य लाइन में हुए कुछ हादसों के दौरान फ्रेट कॉरिडोर के कुछ खंडों पर यात्री ट्रेनें चलाई गई हैं लेकिन बुधवार को गया-शकूरबस्ती (दिल्ली) स्पेशल पहली ऐसी ट्रेन रही जिसने पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के बाद जैसे ही एनसीआर में प्रवेश किया, उसे सीधे फ्रेट कॉरिडोर में भेज दिया गया।
फ्रेट कॉरिडोर के न्यू चुनार, न्यू करछना, न्यू मनौरी, न्यू भाऊपुर के रास्ते स्पेशल ट्रेन बृहस्पतिवार की सुबह दादरी से चिपियाना बुजुर्ग होते हुए फिर से एनसीआर के हावड़ा-दिल्ली ट्रैक पर पहुंचेगी और गाजियाबाद, नई दिल्ली रुकते हुए शकूरबस्ती तक जाएगी। प्रयागराज के सूबेदारगंज स्थित एशिया के सबसे बड़े ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर से इसकी कंट्रोलिंग की गई। एनसीआर के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पर ट्रेन में पानी भरने के बाद न्यू वेस्ट केबिन से इसे फ्रेट कॉरिडोर पर भेजा गया।