फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीठासीन अधिकारी का सिर फोड़ा, मतपत्र फाड़े

Tue, 13 Oct 2015 11:53 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में मंगलवार को बवाल के बीच 57.01 फीसदी मतदान हुआ। चाका ब्लॉक के ब्योहरा गांव में जिला पंचायत सदस्य पद के दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच मारपीट के बाद पीठासीन अधिकारी पर हमला कर दिया गया और मतपत्र फाड़ दिए गए। उपद्रवियों ने पीठासीन अधिकारी का सिर फोड़ दिया। साथ ही दो बूथों के बैलेट बॉक्स में पानी डालने की कोशिश की। मामले में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम संजय कुमार ने दो बूथों पर पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया है। मतदान के दौरान शंकरगढ़ और कौड़िहार ब्लॉक में भी दो पक्षों के बीच मारपीट हुई।
विज्ञापन


पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के तहत चाका, कौंधियारा, शंकरगढ़, कौड़िहार और जसरा में जिला पंचायत सदस्य एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए मंगलवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। पहले चरण की तरह इस बार भी मतदान की गति धीमी रही। सुबह नौ बजे तक 7.16 फीसदी वोटर ही मतदान केंद्रों में पहुंचे। अपराह्न तीन बजे तक 31.98 फीसदी वोट पड़ चुके थे। शाम को बूथों पर अचानक भीड़ बढ़ी और मतदान 57 प्रतिशत का आंकड़ा पार कर गया। लाइन इतनी लंबी थी कि तमाम बूथों पर शाम पांच के बाद भी मतदान जारी रहा। इन्हीं में एक मतदान केंद्र ब्योहरा प्राथमिक विद्यालय भी था। इस केंद्र के बूथ नंबर 119 एवं 120 पर वार्ड-59 से जिला पंचायत सदस्य एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए वोट पड़ रहे थे। यहां से हिस्ट्रीशीटर दिलीप मिश्र की पत्नी अर्चना मिश्रा भी जिला पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव लड़ रही हैं। शाम साढ़े पांच बजे खबर फैली कि अर्चना के समर्थक बूथ पर फर्जी वोटिंग करा रहे हैं। इस पर अर्चना के खिलाफ चुनाव लड़ रहीं विनीता शुक्ला के पति, उनका ड्राइवर और एक अन्य समर्थक ने मौके पर पहुंचकर विरोध शुरू कर दिया।

बवाल बढ़ने पर विनीता के ड्राइवर और समर्थक की पिटाई कर दी गई। दोनों तरफ से मारपीट शुरू हुई हो गई और बैलेट बॉक्स के लिए छीना-झपटी होने लगी। पीठासीन अधिकारी ने विरोध किया उपद्रवियों ने उनका सिर फोड़ दिया। वहां रखे मतपत्र फाड़ डाले और बैलेट बॉक्स में पानी डालने की कोशिश की गई। बवाल की सूचना पाकर मौके पर डीएम, एसएसपी सहित तमाम अफसर पहुंच गए। वहीं, कमिश्नर राजन शुक्ला और डीआईजी भगवान स्वरूप ने भी इस मामले में अफसरों से पूछताछ शुरू कर दी। अफसरों के हस्तक्षेप से बवाल तो शांत हो गया लेकिन उपद्रवी अपना काम कर चुके थे, सो बूथ नंबर 119 एवं 120 पर पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया गया। इससे पहले सुबह भी इसी बूथ पर फर्जी वोटिंग की शिकायत पर विरोध कर रहे प्रत्याशी राधा पासी के समर्थकों से भी मारपीट कर उन्हें बूथ से भगा दिया गया। वहीं, शंकरगढ़ में पगुआर पोलिंग सेंटर और कौड़िहार में शृंगवेरपुर बूथ पर दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच जमकर मारपीट हुई।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें