इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के अर्थशास्त्र विभाग में शनिवार को आयोजित पुराछात्र सम्मेलन में वर्ष 1986 बैच के छात्रों ने छात्रवृत्ति के लिए 90 हजार रुपये दान किए। पिछले साल भी इसी बैच के छात्रों ने 50 हजार रुपये दिए थे।
इस तरह कुल इकट्ठा हुए एक लाख 40 हजार रुपये का कॉर्पस फंड बनाया जाएगा और इसी से हर साल अर्थशास्त्र एमए प्रथम वर्ष के टॉपर को दस हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। पुरा छात्र मुंबई में बीमा क्षेत्र में तैनात शिशिर रंजन एवं रक्षा लेखा में सीनियर ऑडीटर अनिल कुमार की पहल पर वर्ष 1986 के छात्रों ने मिलकर यह रकम दान की। कार्यक्रम में एलुमिनाई एसोसिएशन की ओर से प्रो. डीके श्रीवास्तव को जेके मेहता पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जो वित्त आयोग एवं देश-विदेश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में अध्यापन कर चुके हैं। विभाग के मेधावी छात्र महेश प्रताप सिंह को प्रो. पीसी जैन मेघा छात्रवृत्ति पुरस्कार और शना इरफान को मेरिट कम मींस छात्रवृत्ति प्रदान की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विभागाध्यक्ष प्रो. जीसी त्रिपाठी ने पुराछात्रों से अनुरोध किया कि हर वर्ष विभाग में इसी तरह अपनी उपस्थित बनाए रखें।
इस मौके पर सबसे वरिष्ठ पुराछात्र वर्ष 1957 बैच के प्रो. वीएस दत्ता, 1967 बैच के प्रो. डीके श्रीवास्तव, प्रो. आरएन लोहकर, प्रो. यूएस राय, डॉ. नीरज शुक्ला, डॉ. विनीत श्रीवास्तव, डॉ. सुधांशु तिवारी, डॉ. सृष्टि पुरवार आदि मौजूद रहे। इससे पूर्व विभाग में ‘मौद्रिक नीति एवं समष्टिगत आर्थिक मुद्दे एवं चुनौतियां’ विषय पर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला का समापन हुआ। इसमें विषय विशेषज्ञों ने शोधार्थियों एवं छात्रों को विषय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।