शासन ने एक नवंबर से धान खरीद शुरू करने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद, चार दिन बाद भी सरकारी खरीद व्यवस्था पटरी पर नहीं आ सकी है। फूलपुर तहसील में खाद्य विभाग के आठ और पीसीएफ के सात समेत कुल 15 क्रय केंद्र स्वीकृत हैं। फूलपुर विकासखंड के बाबूगंज स्थित खाद्य विभाग का क्रय केंद्र गोदाम के अभाव में बंद पड़ा है। विपणन निरीक्षक कीर्तिमान सिंह बुधवार को प्रभार संभालने पहुंचे, लेकिन दिनभर गोदाम की तलाश में भटकते रहे। उन्हें बताया गया कि पहले भी बाबूगंज में गोदाम न होने से परेशानी आती थी।
बहादुरपुर और बहरिया में खरीद शून्य
अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद बहादुरपुर और बहरिया विकासखंड में व्यवस्था शुरू हुई। चौथे दिन खाद्य विभाग के सभी छह केंद्रों का संचालन शुरू करा दिया गया। हालांकि, बहादुरपुर के विपणन निरीक्षक स्वतंत्र कुमार विश्वकर्मा और बहरिया के विपणन निरीक्षक रामदत्त यादव ने बताया कि अभी तक एक भी क्विंटल धान की खरीद नहीं हुई है। निजी व्यापारी सामान्य धान 1850 रुपये प्रति क्विंटल खरीद रहे हैं, जबकि समर्थन मूल्य 2441 रुपये है। फूलपुर क्षेत्र में 50 फीसदी से अधिक धान की कटाई हो चुकी है, जिससे किसानों की परेशानी बढ़ रही है।
धान खरीद में आ रही बाधाओं की जानकारी संबंधित विभाग से ली जाएगी। किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ दिलाने में किसी तरह की लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।-हीरालाल सैनी, एसडीएम फूलपुर।