प्रयागराज। पिछले दो दिनों से प्लांटों से कोरोना संक्रमितों को मिल रहे ऑक्सीजन सिलिंडर बंद होने से नई परेशानी शुरू हो गई है। जिला प्रशासन की ओर से केवल अस्पतालों में ऑक्सीजन की सप्लाई करने के लिए कहा गया है। ऐसे में संक्रमितों के तीमारदारों का कहना है कि बेड न मिलने पर कम से कम ऑक्सीजन पर किसी तरह मरीज को जिंदा रखा जा सकता है, लेकिन प्रशासन के आदेश के बाद वह भी मिलनी बंद हो गई है। उनके सामने मुसीबत खड़ी हो गई है कि वे आखिर किस तरह अपनी मरीजों की सांसें बचाएं। स्वास्थ्य विभाग ने भी इसकी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की है।
कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिले में ऑक्सीजन की डिमांड अचानक तेजी से बढ़ी है। यह डिमांड 40 मीट्रिक टन तक पहुंच चुकी है। पिछले दो सप्ताह तक लोग लगातार नैनी और गौहनिया स्थित ऑक्सीजन प्लांटों पर पहुंचकर अपने मरीजों के लिए बड़ा-छोटा सिलिंडर भरवा कर ऑक्सीजन सुरक्षित रख रहे थे। इससे न केवल ऑक्सीजन की बल्कि सिलिंडर की भी मांग बढ़ी और ऑक्सीजन सिलिंडर महंगे दामों पर खूब बिके। इसके अलावा बहुत से लोगों ने सिलिंडर किराए पर भी ले लिए।
परेर हाट ऑक्सीजन प्लांट से तीन-चार सौ लोग जबरदस्ती ऑक्सीजन के साथ सिलिंडर उठा ले गए। इससे ऑक्सीजन की आपूर्ति बाधित हो गई है। उधर, इंपीरियल एंड सुपिरियर और गौहनिया स्थित सहज एयर पर भी यही स्थिति है। कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ-साथ ऑक्सीजन की कालाबाजारी भी शुरू हो गई। कुछ लोगों ने अस्पतालों के नाम पर इन प्लांटों से ऑक्सीजन लेकर अपने पास रिजर्व कर ली और सिलिंडर को मुंहमांगे दामों पर बेचा। उधर लोग अस्पतालों में बेड न मिलने की वजह से डर गए और सस्ते दामों में मिलने वाले सिलिंडर महंगे दामों में खरीदे। इससे अस्पतालों में ऑक्सीजन की आपूर्ति में कमी हो गई। सीएमओ से लेकर डीएम, कमिश्नर तक इसकी शिकायतें पहुंचने लगी।
इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने ऑक्सीजन प्लांटों से सिर्फ अस्पतालों को आपूर्ति करने का निर्देश दिया इससे जो गंभीर मरीज हैं और अस्पतालों में भर्ती नहीं हैं, उनके सामने दिक्कत खड़ी हो गई है। उन्हें सांस लेना मुश्किल हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से ऐसे लोगों के लिए कोई इंतजाम नहीं किया गया है। ऐसे में बहुत से संक्रमितों की जान पर बन आ रही है और वे दम तोड़ रहे हैं। एसीएमओ डॉ. वीके मिश्रा ने बताया कि अस्पतालों में इस वक्त डिमांड ज्यादा है, इसलिए पहले अस्पतालों को ही आपूर्ति करने के लिए कहा गया है।