prayagraj news : 19सीटीवाई49-रोटरी और अनहा आक्सीजन बैंक के उद्घाटन पर संस्था के पदाधिकारियों के साथ आईजी केपी सिंह।
- फोटो : prayagraj
इलाहाबाद नर्सिंग होम एसोसिएशन और रोटरी इलाहाबाद नार्थ की पहल पर शनिवार को नर्सिंग होम एसोसिएशन के लाल बहादुर शास्त्री मार्ग स्थित ब्लड बैंक में ‘ऑक्सीजन बैंक’ स्थापित किया गया। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि आईजी केपी सिंह ने कहा, यह नितांत नया प्रयोग है और शहर को इसकी जरूरत थी। लोग ऐसे बैंक में अपना योगदान दें और जरूरत पड़ने पर ले जाएं।
इससे लोगों में विश्वास की भावना जागृत होगी और अधिकतम लोगों को लाभ मिलेगा। इससे पहले उन्होंने परिसर में पीपल का पौधा रोपकर ऑक्सीजन बैंक का उद्घाटन किया। नर्सिंग होम एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ.अवनीश सक्सेना ने कहा कि ऑक्सीजन बैंक में लोग अपने सिलिंडर जमा कर सकते हैं और आवश्यकता पड़ने पर उनको एक की जगह दो सिलिंडर भी दिया जाएगा। नर्सिंग होम एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील सिन्हा ने कहा, इससे शहरियों को बहुत सहूलियत मिलेगी। फिलहाल डॉक्टरों की सलाह पर यह सुविधा पोस्ट कोविड मरीजों के लिए है।
रोटरी इलाहाबाद नॉर्थ के अध्यक्ष सुरेश कुमार गुप्ता ने कहा, ऑक्सीजन बैंक के लिए रोटरी एवं आर्येंदु फाउंडेशन की ओर से तीन सौ ऑक्सीजन सिलिंडर की व्यवस्था करके लोगों तक पहुचाई गई। इसकी शुरुआत 104 सिलिंडर से हुई थी। संस्था का उद्देश्य अनावश्यक संग्रह से बचाना और भरोसा दिलाना है। नोडल अफसर अमित बनर्जी ने मुख्य अतिथि का परिचय दिया और डॉ.आलोक मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में डॉ.घनश्याम मिश्रा, डॉ.निकुंज, डॉ.अशोक तहलियानी, डॉ.बीबी अग्रवाल, शरद जैन, तरुण जग्गी, दीपक अग्रवाल, विजय अग्रवाल, विजय बंसल, उमंग अग्रवाल, डॉ.बीएल केसरवानी, डॉ.राज किशोर अग्रवाल, डॉ.अल्पना मिश्रा,मनीषा गुप्ता, डॉ.चेतन कपूर गौरेश आहूजा, निखिल अग्रवाल,नीरज जायसवाल, अखिलेंद्र कुमार यादव आदि मौजूद थे।