मऊआइमा में रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए 850 मीटर लंबे ओवरब्रिज का निर्माण तो शुरू हो गया लेकिन विभाग की लापरवाही से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। सेतु निगम और रेलवे ने बिना सर्विस लेन बनाए ही ठेकेदार ने मुख्य रास्ता ब्लॉक कर दिया है। इससे 200 मीटर की दूरी तय करने के लिए लोगों को दो किमी का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
मऊआइमा में ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू हुए दो माह बीत चुके हैं। काम शुरू करने से पहले ठेकेदार ने क्रॉसिंग के दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर दिया लेकिन वैकल्पिक सर्विस लेन नहीं बनाई गई।
नतीजा, मऊआइमा कस्बा सहित आसपास की 50 हजार आबादी प्रभावित है। लोगों को हाईवे तक पहुंचने के लिए गांव के अंदरूनी कच्चे रास्तों से होकर जाना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि हाईवे स्थित मऊआइमा चौराहे पर ही अधिकांश हॉस्पिटल, बैंक, पेट्रोल पंप, सब्जी मंडी से लेकर स्कूल कॉलेज व कोचिंग सेंटर आदि स्थित हैं।
ऐसे में सर्वाधिक परेशानी स्कूली बच्चों और अस्पताल जाने वाले मरीजों को उठानी पड़ रही है। ग्रामीण संतलाल, अरविंद कुमार, फैज अहमद सहित कई अभिभावकों ने बताया कि कार्यदाई संस्था की ओर से पूर्णरूप से रास्ता बंद करने से बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर दिया गया है।दुकानों तक ग्राहक के नहीं पहुंचने से कारोबार प्रभावित हो रहा है। यही नहीं, किसानों का ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर सब्जी मंडी तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।
ओवरब्रिज निर्माण के साथ ही सर्विसलेन भी बननी चाहिए। विभाग को आम नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखना चाहिए।-निमिष खत्री, भाजपा नेता
रास्ता अवरुद्ध करने से कस्बे का आवागमन प्रभावित हुआ है। इससे कारोबार पर व्यापक असर पड़ रहा है।- कलीम अल्ताफ, दवा विक्रेता
कस्बे से आने और जाने का प्रमुख रास्ता बंद कर दिए जाने से आवागमन के साथ ही 40 फीसदी कारोबार पर भी असर पड़ा है।-मोहम्मद वासिक, सेनेटरी कारोबारी
-अस्पताल से लेकर मंडी और पेट्रोल पंप आदि सभी कुछ हाईवे पर स्थित है। ऐसे में सर्विस लेन न बनाने और रास्ता अवरुद्ध करने से लोगों को भारी परेशानी हो रही है। -डाॅ. फैजान आलम, पेट्रोल पंप संचालक
ओवरब्रिज निर्माण की जद में आ रहे अतिक्रमण को कुछ लोगों की ओर से न हटाए जाने से सर्विस लेन बनाने का कार्य नही शुरू किया जा सका है।- सत्यनारायण पांडेय, सहायक अभियंता, सेतु निगम, प्रयागराज
हरिसेनगंज - मोहम्मद वासिक
हरिसेनगंज - मोहम्मद वासिक
हरिसेनगंज - मोहम्मद वासिक
हरिसेनगंज - मोहम्मद वासिक