प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) बुधवार को प्रदेश भर के 1986 परीक्षा केंद्रों पर पूरी हो गई। पहली पाली में प्राथमिक स्तर टीईटी में 1986 केंद्रों पर पंजीकृत 1083016 परीक्षार्थियों में से 986748 परीक्षार्थी अर्थात 91.11 फीसदी और दूसरी पाली में 1063 केंद्रों पर पंजीकृत 573322 परीक्षार्थियों में से 528317 परीक्षार्थी अर्थात 92.15 फीसदी परीक्षा में शामिल हुए। इस प्रकार दोनों पाली की परीक्षा में 91 फीसदी से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए। वहीं नकल के आरोप में एसटीएफ की ओर से गाजीपुर के बुद्धम शरणम इंटर कॉलेज आदर्श गांव छावनी लाइन में पकड़े गए प्राचार्य सहित चार लोगों के मामले में सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी ने स्कूल की मान्यता वापस लेने के लिए यूपी बोर्ड सचिव को पत्र भेजा है।
हिंदू महिला इंटर कॉलेज में ओएमआर लेकर भागा परीक्षार्थी, एफआईआर
सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी अनिल भूषण चतुर्वेदी ने बताया कि प्रयागराज के हिंदू महिला इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर दूसरी पाली में परीक्षार्थी अमित कुमार पुत्र हरी सिंह अपनी मूल ओएमआर उत्तर पत्रक सहित दोनो कार्बन कॉपी लेकर भाग गया। इस अभ्यर्थी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है। सचिव ने बताया कि आगरा में एक, जौनपुर में तीन, संत रविदास नगर में तीन, हाथरस में एक अभ्यर्थी को नकल करते पकड़ा गया।