इलाहाबाद। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हिन्दू हॉस्टल और पीसीबी हॉस्टल के बीच एक पखवारे से चल रही अदावत थमने के बजाय बढ़ती जा रही है। क्रिकेट मैच के दौरान हुए बवाल के बाद दोनों हॉस्टलों के बीच चल रही तनातनी में सोमवार को कुलपति दफ्तर के सामने पीसीबी हॉस्टल के एक छात्र को पीटकर लहूलुहान कर दिया और बमबाजी की गई थी। इसके बाद बुधवार शाम कंपनी बाग में हिन्दू हॉस्टल के एक छात्र पर बम से हमला हुआ। बमबाजी से खलबली मच गई। घटना की जानकारी होने पर हिन्दू हॉस्टल के छात्र लाठी-डंडा लेकर सड़क पर आ गए। सूचना पर कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। एफआईआर दर्ज होने के बाद छात्र माने।
हिन्दू हॉस्टल और पीसीबी हॉस्टल के बीच रंजिश की शुरूआत क्रि केट प्रतियोगिता के दौरान हुई थी। सोमवार को पीसीबी हॉस्टल के शिवम पांडेय पर कुलपति दफ्तर के पास बम से हमला हुआ था। इसमें हिन्दू हॉस्टल के विवेक यादव समेत अन्य के खिलाफ रिर्पो दर्ज हुई थी। बुधवार शाम हिन्दू हॉस्टल का सुनील यादव नामक छात्र कंपनी बाग में दोस्तों के साथ टहलने गया था। उसका आरोप है कि चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के अचानक उस पर बम हमला किया गया। हमलावरों ने उसको निशाना बनाते हुए तीन बम मारा।
बम के हमले से बचकर वह हिन्दू हॉस्टल पहुंचा। हॉस्टल के लड़कों को इसकी जानकारी हुई तो लाठी डंडा लेकर बाहर निकल आए। सूचना सीओ कर्नलगंज वीरेंद्र कुमार, एसओ विजय प्रताप, इंस्पेक्टर अमरनाथ यादव, एसओ शिवकुटी संतोष शर्मा, एसओ जार्जटाउन आरके पांडेय समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने छात्रों को समझाबुझाकर हॉस्टल के अंदर किया। छात्र एफआईआर दर्ज कराने की मांग पर अड़े। एसओ विजय प्रताप ने बताया कि सुनील यादव की तहरीर पर पूर्व छात्रनेता अच्युतानंद शुक्ला, शिवम पांडेय, विवेक सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। झगड़ा सोमवार को हुए विवाद से जुड़ा है।