सांगीपुर ब्लॉक का औचक निरीक्षण करते कैबिनेट मंत्री मोती सिंह।
- फोटो : PRATAPGARH
प्रदेश सरकार के ग्राम्य विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रसाद सिंह उर्फ मोती सिंह ने बुधवार को पूर्वाह्न साढ़े दस बजे सांगीपुर विकास खंड का आकस्मिक निरीक्षण किया। मंत्री के यहां पहुंचते ही अफसरों व कर्मचारियों के होश उड़ गए। ब्लाक पहुंचते ही मंत्री मोती सिंह ने उपस्थिति पंजिका मंगाई।
इस दौरान लेखाकार वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, सरकारी जीप चालक रणबहादुर सिंह, टेक्नीशियन रंग बहादुर सिंह व पत्रवाहक मो. सोहराब अनुपस्थित मिले। चारों कर्मचारियों को गैरहाजिर देख मंत्री भडक़ उठे। उन्होंने लापरवाह चारों कर्मचारियों को निलंबित करने का आदेश सुना दिया। कैबिनेट मंत्री ने दो टूक कहा कि काम में लापरवाही मिलने पर अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में कोताही मिली तो किसी को बख्शा नहीं जाएगा। निरीक्षण के दौरान दो महिला ग्राम विकास अधिकारियों का कार्य उनके पतियों द्वारा किए जाने की भी शिकायत मौजूद लोगों की ओर से कैबिनेट मंत्री से की गई। मंत्री ने इसकी जांच कराए जाने के बाद कार्रवाई के लिए अफसरों को निर्देश दिया है।
मंत्री मोती सिंह के ब्लाक के औचक निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों में हडक़ंप मचा रहा। मंत्री करीब एक घंटे तक ब्लाक परिसर में डटे रहे। इस दौरान यहां अफरातफरी का माहौल रहा। मंत्री के निरीक्षण की रिपोर्ट बीडीओ दिनेश यादव ने सीडीओ को भेज दी है।