Opened the ATM with a password and blew a quarter of a million rupees
प्रयागराज। सुलेमसराय में एक एटीएम को पासवर्ड से खोलकर बदमाश ने सवा पांच लाख रुपये उड़ा दिए। एटीएम खाली होने पर रिफलिंग को पहुंचे कर्मचारी कैश कैसेट बाहर पड़ा देखकर हैरान रह गए। एजेंसी कस्टोडियन की ओर से धूमनगंज थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
पीएमएस इंफो सिस्टम की ओर से शहर पश्चिमी के कई बैंकों के एटीएम में करेंसी लोड करने का काम किया जाता है। कस्टोडियन पंकज श्रीवास्तव की टीम ने शिड्यूल के मुताबिक 1 अगस्त, दोपहर 1.37 मिनट पर सुलेमसराय स्थित नेहरू पार्क के पास टाटा कम्यूनिकेशन के एटीएम में 5.50 लाख रुपये लोड किए। दूसरे दिन 2 अगस्त को लखनऊ सर्विस सेंटर से टाटा कम्यूनिकेशन एटीएम के खाली होने का मैसेज आया। इसके बाद कर्मचारी जब दोबारा वहां कैश लोड करने पहुंचे तो कैश बाक्स का कैसेट बाहर निकला पड़ा था। मशीन पूरी खाली थी।
हैरान कर्मचारियों ने मशीन खोलकर जब चेक किया, तब उसमें कैश नहीं मिला। उन्होंने तुरंत लखनऊ ऑफिस को सूचना भेजी। एजेंसी ने जब अपने साफ्टवेयर को खंगाला तब, मालूम चला कि एटीएम चेस्ट को पासवर्ड के सहारे करीब साढ़े छह बजे खोला गया और पूरी रकम निकालकर वापस उसे बंद कर दिया गया। यह काम बेहद सफाई से किया गया लेकिन, कैश बाक्स नीचे छूट गया। पैसा निकाले जाने का पता चलते ही हड़कंप मच गया। जिस तरह वारदात को अंजाम दिया गया उससे मालूम चल रहा था कि यह काम एटीएम मशीन को अच्छी तरह से समझने वाले ने किया है। कर्मचारियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर विजय सिंह के मुताबिक मामले की पड़ताल की जा रही है।
सीसीटीवी कैमरा खराब, बदमाश ने कर रखी थी एटीएम की पूरी रेकी
पैसा निकाले जाने से पहले बदमाश ने इस एटीएम की पूरी तरह रेकी कर रखी थी। उसे अच्छी तरह पता था कि एटीएम के भीतर का कैमरा खराब है। यहां बाहर किसी गार्ड की भी तैनाती नहीं थी। साथ ही उसे एटीएम में रोजाना लोड होने वाली रकम की भी जानकारी थी। पिछले करीब पंद्रह-बीस दिन से इस एटीएम में एक लाख रुपये तक की रकम लोड की जाती थी लेकिन, आज जैसे ही मशीन में साढ़े पांच लाख रुपये लोड किए गए, उसने वैसे ही एटीएम से पूरी रकम उड़ा दी।