करनाईपुर क्षेत्र के कहली अमृत सरोवर पर क्षतिग्रस्त पड़ा ओपन जिम का उपकरण। संवाद
- फोटो : udhampur news
कहली गांव स्थित अमृत सरोवर पर लगा ओपन जिम अराजकतत्वों की मनमानी से उजाड़ हो गया है। व्यायाम के उपकरण तोड़कर फेंक दिए गए हैं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
यह स्थान सुबह युवाओं और बुजुर्गों की कसरत से गुलजार रहता था। बहरिया क्षेत्र के इस सरोवर पर बड़ी संख्या में लोग टहलने और व्यायाम करने पहुंचते थे। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ उत्पाती युवक कई दिनों से जिम के उपकरणों को नुकसान पहुंचा रहे थे।
धीरे-धीरे उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए और अब उन्हें उखाड़कर फेंक दिया गया है। लालचंद, जगदीश प्रसाद और रामलखन ने इसे सार्वजनिक संपत्ति बताया। ग्रामीणों ने अधिकारियों से क्षतिग्रस्त उपकरणों की मरम्मत कराकर ओपन जिम दोबारा चालू कराने की मांग की है। उन्होंने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर रोक लगाने की भी अपील की है।
बहरिया केे ग्राम विकास अधिकारी संजय शुक्ला ने बताया कि उखाड़े गए ओपन जिम को तत्काल मरम्मत कराकर उसके निर्धारित स्थान पर दोबारा लगवाया जाएगा। आरोपियों की पहचान होने पर उनके खिलाफ ठोस कार्रवाई भी की जाएगी। संवाद