सूबे के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रवक्ता 2016 के चयन के बाद कार्यभार ग्रहण न करने से खाली रह गईं 102 पदों के लिए बुधवार को प्रतीक्षा सूची के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग कराई गई। शिक्षा निदेशालय के गेस्ट हाउस में आयोजित काउंसलिंग में हिंदी, संस्कृत, शारीरिक शिक्षा, जीव विज्ञान, अंग्रेजी, गणित, वाणिज्य, कला, रसायन विज्ञान, नागरिक शास्त्र, अर्थशास्त्र, शिक्षाशास्त्र, भूगोल, इतिहास, भौतिक विज्ञान, मनोविज्ञान और समाजशास्त्र के रिक्त पदों के लिए प्रतीक्षा सूची से 230 अभ्यर्थियों को बुलाया गया।
पीजीटी के विभिन्न विषयों के लिए आयोजित काउंसलिंग में प्रतीक्षा सूची से सिर्फ 43 अभ्यर्थी ही निदेशालय पहुंचे। इस दौरान वांछित अर्हता पूरी करने वाले 32 अभ्यर्थियों को कॉलेज आवंटित किया गया। इसके साथ ही टीजीटी-पीजीटी 2016 और 2021 की प्रतीक्षा सूची की काउंसलिंग समाप्त हो गई। अधिकारियों की मानें तो बची हुई सीटों के सापेक्ष कम अभ्यर्थियों के आने के कारण काउंसलिंग का एक और अवसर दिया जा सकता है। इसके लिए निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. महेंद्र देव से अनुमति मांगी जाएगी।