लगन बाद ही प्याज के दाम में कमी आने की उम्मीद
बाजार में आ गई लोकल प्याज, लेकिन दाम अब भी 100 से 120 रुपये किलो
प्रयागराज। प्याज के बढ़ते दाम जाड़े के इस सीजन में भी आंसू निकाल रहे हैं। अधिकांश लोगों की जुबां पर यही सवाल है कि आखिर प्याज के दाम कम कब होंगे। बाजार के जानकारों की मानें तो प्याज की बढ़ती मांग की वजह से ही उसके दाम कम नहीं हो रहे हैं। सहालग तक दाम कम होने की उम्मीद भी नहीं है। हालांकि, इस बीच बाजार में आई लोकल प्याज ने मंडी में प्याज का स्टाक तो बढ़ाया है लेकिन, फुटकर बाजार में अब भी प्याज 100 से 120 रुपये किलो के बीच ही मिल रही है।
बारिश और बाढ़ की वजह से इस बार प्याज की काफी फसल बर्बाद हो गई। इस वजह से पिछले तीन माह से प्याज के दाम सौ रुपये किलो के आसपास ही टिके हुए हैं। बीच में प्याज के दाम कुछ दिन कम भी हुए लेकिन, उस अवधि में भी प्याज 70 से 80 रुपये किलो तक फुटकर बाजार में बिकी। इस बीच कानपुर, फतेहपुर, खागा से आ रही प्याज से मुंडेरा मंडी में लोकल प्याज की आवक बढ़ी है। नासिक, सतना से भी प्याज आ रही है लेकिन, सहालग की वजह से मांग ज्यादा होने की वजह से प्याज के दाम कम नहीं हो पा रहे हैं। मुंडेरा मंडी फल सब्जी व्यापार मंडल महासंघ के अध्यक्ष सतीश कुशवाहा का कहना है कि सर्दी के इस मौसम में अन्य सब्जियों के दाम गिरे हैं लेकिन प्याज का दाम अभी कम नहीं हो रहा है। नौ दिसंबर तक सहालग है। इसके बाद ही इसका दाम गिर सकता है।
मंडी समिति उपलब्ध करवा रही है 40 रुपये किलो में प्याज
मंडी समिति ने प्याज की बढ़ती कीमतों के बीच लोगों को सस्ती प्याज उपलब्ध कराने के लिए मुंडेरा मंडी में एक स्टाल खोला है। मंडी सचिव रेनू वर्मा के मुताबिक मंडी में प्याज 40 रुपये किलो उपलब्ध करवाई जा रही है। इसमें एक किलो से ज्यादा प्याज किसी को नहीं दी जा रही है। विशेष परिस्थितियों में दो किलो तक प्याज दी जा सकती है।