महिलाओं के गिरोह ने क्षेत्र की एक महिला को बैंक में नौकरी दिलवाने के नाम पर चार बार में उससे एक लाख रुपये की ठगी कर ली। इसकी जानकारी जब उसके पति को हुई तो उसने नाराजगी जताते हुए पत्नी को उसके मायके में भेज दिया। बाद में पंचायत के बाद महिला वापस अपने ससुराल आई। मामले में ठगी की शिकायत की गई है।
मऊदोस्तपुर की जरीना नामक महिला को दो महिला ठग ने प्रलोभन दिया कि दिल्ली में एसबीआई बैंक में नौकरी के लिए एक पद खाली है। जरीना का पति सऊदी अरब में नौकरी करता है। महिलाओं के झांसे में जरीना आ गई और एक माह में चार बार में एक लाख रुपये नौकरी दिलवाने के नाम पर दे दिया। दो माह बाद जब बैंक से ज्वाइन लेटर नहीं आया तो जरीना को शक हुआ।
इसके बाद वह महिलाओं की तलाश शुरू की लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। जरीना ने इसकी शिकायत साइबर सेल में ऑनलाइन की है। इतने में महिला का पति सऊदी अरब से आ गया। इसके बाद पत्नी ने आपबीती बताई। इससे नाराज पति नजीर ने पत्नी को मायके भेज दिया। बाद में पंचायत के बाद महिला ससुराल वापस लौटी।