सीएमपी डिग्री कॉलेज में हिंदी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डा.अनुपम आनंद को क्रेडिट कॉर्ड का झांसा देकर जालसाज ने उनके खाते से एक लाख रूपये उड़ा दिए। खाते से रकम निकाले जाने का पता लगने पर उनके होश उड़ गए। उन्होंने जार्जटाउन थाने पहुंचकर अज्ञात जालसाज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
डा.अनुपम म्योर रोड स्थित ललिता अपार्टमेंट में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि एसबीआई बैंक में क्रेडिट कॉर्ड के लिए आवेदन दिया था। 11 अप्रैल को उनके मोबाइल पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंककर्मी बताते हुए कॉर्ड ऐक्टिव कराने की बात कही। डा.अनुपम के मुताबिक जालसाज के पास पहले से उनका कॉर्ड नंबर समेत दूसरी सूचनाएं मौजूद थीं।
ऐसे में उन्होंने विश्वास करके मोबाइल में आए नंबर उसे बता दिया। थोड़ी देर बाद उनके खाते से दो बार में 61-61 हजार रूपये निकाल लिए गए। कुछ देर बाद फिर खाते से 38,500 रूपये निकाले गए। इस तरह उनके खाते से कुल 99,500 रूपये निकाले गए। जब उनके मोबाइल पर मैसेज आया तब उनके होश उड़ गए। बैंक जाकर मालूम करने पर पैसे आरटीजीएस करने की बात मालूम चली। उन्होंने इसके पीछे बैंककर्मियों के मिलीभगत का भी अंदेशा जाहिर किया। सिविल लाइंस थाने पहुंचकर अज्ञात जालसाज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।