जिले में 13 दिन बाद एक 63 वर्षीय कोरोना संक्रमित बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हो गई। जुलाई महीने में कोरोना से हुई मौत का यह पहला मामला है। अब तक कोरोना संक्रमण से 1061 लोग जान गवां चुके हैं। बृहस्पतिवार को दस नए लोग कोविड पॉजिटिव चिह्नित हुए। वहीं 13 लोगों ने कोरोना को मात दी। अब तक जिले में कोरोना से 1061 लोग जान गवां चुके हैं। वहीं एसआरएन में गंभीर मरीजों की संख्या भी अचानक एक से बढ़कर सात हो गई है।
जिला सर्विलांस अधिकारी एसीएमओ डॉ. एके तिवारी के मुताबिक डेल्टा प्लस वैरिएंट अलर्ट के तहत कोरोना जांच का दायरा बढ़ाया गया है। बृहस्पतिवार को 7208 लोगों की कोरोना जांच की गई। दस नए संक्रमित पाए गए। वहीं 13 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। सभी ने होम आइसोलेशन पूरा किया है। उन्होंने बताया कि 25 जून के बाद जिले में एक कोरोना संक्रमित की एलथ्री एसआरएन अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। एसआरएन अस्पताल के सह प्रभारी कोरोना डॉ. सुजीत वर्मा के मुताबिक कोरोना वार्ड में बुधवार सुबह सिर्फ एक मरीज भर्ती था। 24 घंटे में सात नए संक्रमित भर्ती किए गए।
prayagraj news : नंद गोपाल गुप्ता नंदी।
- फोटो : prayagraj
कोरोना काल में जान गंवाने वाले कार्यकर्ताओं के घर गए नंदी
सूबे के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी बृहस्पतिवार को कोरोना काल में जान गंवाने वाले भाजपा कार्यकर्ता एवं कई अन्य लोगों के घर गए। इस दौरान उन्होंने संबंधित लोगों के परिजनों से मुलाकात शोक प्रकट किया। कीडगंज में पार्टी के एक पुराने कार्यकर्ता भूरे लाल के पुत्र के निधन पर शोक व्यक्त करने के बाद उनकी आर्थिक मदद भी की। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री ने आज कई अन्य कार्यक्रमों में शिरकत करने के साथ ही कीडगंज स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया।
कैबिनेट मंत्री बृहस्पतिवार को मधवापुर बैहराना में स्वर्गीय दिलीप साहू के परिजनों से मिले। इसके बाद पूरा ढाकू कीडगंज में स्वर्गीय रामबाबू कुशवाहा, होली गली कीडगंज में स्व. राघवेंद्र शरण आदि के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने सभी जगह जाकर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की। पौधरोपण अभियान के तहत वह कीडगंज स्थित डा. केएन काटजू इंटर कालेज गए। वहां पौधरोपण कर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इसके बाद वह नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र धरिकार बस्ती, कीडगंज पहुंचे। वहां का निरीक्षण कर उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मनोज मिश्र, किशोरी लाल जायसवाल, रणविजय सिंह, प्रणविजय सिंह, सुमित वैश्य, मनोज गुप्ता, सुभाष बाजपेयी, पंकज गुप्ता, आशीष जायसवाल, प्रमोद जायसवाल आदि मौजूद रहे।