दिल्ली में पूर्व सैनिक की आत्महत्या को लेकर संगम नगरी के भी पूर्व सैनिकों में आक्रोश है। बृहस्पतिवार को पूर्व सैनिकों ने अलग-अलग बैठकें की और वन रैंक वन पेंशन की मांग दोहराते हुए आंदोलन की चेतावनी दे डाली। कहा कि केंद्र सरकार ने उनकी मांग नहीं मानी तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
वीर सेनानी पूर्व सैनिक कल्याण समिति के सदस्यों ने चंद्रशेखर आजाद पार्क में बैठक की। केंद्र सरकार के रवैये पर नाराजगी जताई। कहा कि मौजूदा सरकार ने वादा भी किया था, लेकिन उसने अभी तक इसे पूरा नहीं किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक राम नरेश ग्रेवाल वन रैंक वन पेंशन की विसंगतियों के साथ सात सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन पर थे, लेकिन सरकार ने मांगों पर ध्यान ही नहीं दिया। सरकार अपने वादे पर भी हीला हवाली कर रही है। उसने आज तक किसी तरह का भुगतान भी नहीं किया। चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुई आंदोलन के लिए बाध्य हाेंगे। बैठक में पूर्व सैनिक श्याम सुंदर पटेल, जी. यादव, एसएन मिश्रा, आरएस उत्तम, आरके जायसवाल, आरपी चौहान, रजनी वर्मा, राजेश्वरी पटेल, हरदीप, नीलम कुमारी आदि मौजूद रहे।
उधर, नेशनल एक्स सर्विसमैन कोआर्डिनेशन कमेटी के जिलाध्यक्ष वीके श्रीवास्तव ने पूर्व सैनिक की आत्महत्या पर शोक जताया। कहा कि सरकार ने वन रैंक वन पेंशन की मांग अभी पूरी नहीं की है। इसके चलते उनमें आक्रोश है। पूर्व सैनिकों ने पेंशन को हर साल रिव्यू करने की मांग की थी, उस पर अभी ध्यान ही नहीं दिया गया। सरकार ने ज्यूडिशियल कमेटी गठित की है। वह पूर्व सैनिकों से बात कर रही है। अब सरकार कमेटी की रिपोर्ट मानेगी या नहीं। यह सरकार की इच्छा पर है, लेकिन मांग पूरा न होने पर पूर्व सैनिकों को झटका लगा है। इसी के चलते वे आंदोलनरत है।
दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल मेें राहुल गांधी की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेसियों में दूसरे दिन भी आक्रोश दिखा। जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एडीएम सिटी पुनीत शुक्ला के जरिए प्रेषित किया। इस दौरान मोदी सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाए गए।
विधायक अनुग्रह नारायण सिंह ने पीएम पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया। कहा कि सेवानिवृत्त सैनिकों को वन रैंक वन पेंशन दिए जाने से पूर्व 2014 के अपने वायदे से मुकर गए। प्रदर्शन में पूर्व मंत्री राजमणि पटेल, प्रवक्ता किशोर वार्ष्णेय, शहर अध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने अपनी बात रखी। इस मौके पर फुजैल हाशमी, पूर्व विधायक जवाहर लाल दिवाकर, संजय तिवारी, परवेज सिद्दकी, मुकुंद तिवारी, तारिक सईद अज्जू, संतोष मिश्रा, अजय श्रीवास्तव आदि ने अपनी बात रखी। मुकुंद तिवारी ने कहा कि यह बदले की भावना से कार्रवाई की गई है।