रोजगार के मुद्दे पर जुटी भीड़, फूले अफसरों के हाथ पांव
0 पुलिस ने बीच में ही बंद कराई बैठक, छात्रों से हुई तीखी बहस
0 युवा पंचायत की तैयारी के लिए बालसन पर जुटे थे प्रतियोगी छात्र
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। युवा पंचायत की तैयारी के लिए रविवार को बालसन चौराहे पर आयोजित युवा मंच की बैठक पुलिस ने बीच में ही बंद करा दी। हालांकि युवा मंच की ओर से बैठक के लिए पहले ही नोटिस दिया गया था, लेकिन बैठक में अचानक दरोगा भर्ती के अभ्यर्थी भी पहुंच गए और भीड़ बढ़ गई। मुख्यमंत्री भी शहर में थे और चौराहे पर भीड़ लगातार बढ़ रही थी। इस दौरान पुलिस और युवा मंच के पदाधिकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई।
प्रदेश के विभिन्न विभागों में पांच लाख रिक्त पदों पर भर्ती के लिए शीघ्र विज्ञापन जारी करने और गरिमापूर्ण रोजगार गारंटी देने की मांग को लेकर 28 दिसंबर को लखनऊ में युवा पंचायत प्रस्तावित है। इसी की तैयारी को लेकर रविवार को बालसन चौराहे पर दोपहर 12 बजे युवा मंच की बैठक बुलाई गई थी। उधर, चंद्रशेखर आजाद पार्क में दरोगा भर्ती-2021 के अभ्यर्थियों की बैठक थी, जो भर्ती परीक्षा में धांधली का आरोप लगाकर सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। चंद्रशेखर आजाद पार्क में बैठक खत्म होने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी बालसन चौराहे पर पहुंच गए और युवा मंच की बैठक में भीड़ अचानक बढ़ गई।
मुख्यमंत्री भी शहर में थे। ऐसे में अफसरों के हाथ पांव फूलने लगे। पुलिस के अफसरों ने बीच में ही बैठक बंद करने को कहा। इस पर युवा मंच के पदाधिकारियों और पुलिस के बीच तीखी बहस हो गई। हालांकि दो बजे के आसपास प्रतियोगी छात्रों की भीड़ बढ़ने पर बैठक बंद कर दी गई। प्रतियोगी छात्रों ने निर्णय लिया कि युवा पंचायत में शामिल होने के लिए सोमवार को अपराह्न ती बजे इंटरसिटी एक्सप्रेस से लखनऊ रवाना होंगे। इस मौके पर युवा मंच के संयोजक राजेश सचान, अध्यक्ष अनिल सिंह, सूर्य प्रकाश चौधरी, रमाकांत यादव, प्रमोद कुमार, एलके चौधरी, पंकज पांडेय, रमाकांत यादव, अखिलेश यादव, राकेश कुमार सरोज, दीपू पटेल आदि मौजूद रहे।