इलाहाबाद (ब्यूरो)। यूपी बोर्ड की ओर से बोर्ड के परीक्षा फार्म ऑन लाइन भरने की प्रक्रिया स्कूलों केलिए परेशानी लेकर आई है। बोर्ड की ओर से 26 जुलाई से 31 जुलाई तक ऑन लाइन फार्म भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। स्कूलों को अभी तक वेबसाइट एवं पासवर्ड तक की जानकारी ही नहीं दी गई है। स्कूलों के प्रधानाचार्यों का कहना है कि बिजली, इंटरनेट सहित कंप्यूटर की कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में फार्म भरने के लिए उन्हें साइबर कैफे वालों के पास पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं।
ऑन लाइन फार्म भरने की प्रक्रिया से स्कूल वालों की परेशानी बढ़ गई है। बोर्ड की ओर से सभी स्कूलों में अपने स्तर से फार्म भरवाने के लिए कहा गया है। प्रधानाचार्यों का कहना है कि बोर्ड परीक्षा फार्म एवं छात्रवृत्ति के फार्म भरवाने के लिए 100 से 200 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। स्कूलों में कंप्यूटर की पढ़ाई होने केबाद भी बोर्ड परीक्षा के ऑन लाइन फार्म भरने में साइबर कैफे का सहारा लेना पड़ रहा है। यही परेशानी नौवीं एवं ग्यारहवीं के ऑन लाइन आवेदन में हो रही है। कक्षा नौ एवं ग्यारह के अग्रिम पंजीकरण के लिए 25 अगस्त तक का समय दिया गया है।
इलाहाबाद इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सभापति तिवारी का कहना है कि निदेशक के आदेश पर स्कूलों में 31 जुलाई तक प्रवेश चलेगा। ऐसे में 31 जुलाई तक डाटा फीडिंग संभव ही नहीं है। यूपी बोर्ड की ओर से 2014-15 में नौवीं एवं ग्यारहवीं का पंजीकरण फार्म भरने और बोर्ड परीक्षा के ऑन लाइन फार्म भरने में मिली सफलता के बाद बोर्ड की ओर 10वीं और 12वीं के फार्म को एक बार फिर से ऑनलाइन करने में मदद मिली है।