कैबिनेट मंत्री राकेश सचान पहुंचे नंदी को शुभकामना देने।
- फोटो : अमर उजाला।
11 ब्राह्मणों ने कराई पूजा
भगवान भोलानाथ को अपना आराध्य मानने वाले मंत्री नन्दी ने मनोकामनापूर्ति मंदिर में विधि विधान पूर्वक पूजन अर्चन किया। गुरुकुल आश्रम के अयोध्या प्रसाद शास्त्री ( गुरु जी) और मधुरम मिश्र के नेतृत्व में 11 ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चारण के बीच रुद्राभिषेक संपन्न कराया।
मध्य प्रदेश के 108 सदस्यीय दल ने किया डमरू का नाद
पुनर्प्राप्त जन्मोत्सव के अवसर पर बहादुरगंज स्थित प्राचीन मनोकामनापूर्ति शिव मंदिर के बाहर मध्य प्रदेश से आए श्री बाबा बटेश्वर कीर्तन समिति भोपाल के 108 सदस्यों ने डमरू के नाद एवं झांझ, मंजीरे और नगाड़ों जैसे वाद्य यंत्रों से भूत भगवान भोलेनाथ की आराधना की। पूरा इलाका डमरू की नाद से गूंज उठा। डमरू के साथ ही शृंगी का भी नाद हुआ।
मंत्री नंदी के कार्यक्रम में प्रसाद ग्रहण करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला।
वाराणसी के व्यापारियों ने भेजा गंगाजल, हुआ जलाभिषेक
बाबा विश्वनाथ के पुण्य धाम काशी से आए मां गंगा के पावन जल से मनोकामनापूर्ति प्राचीन शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक हुआ। काशी के व्यापारियों एवं वैश्य समाज के पदाधिकारियों ने मंत्री नंदी की दीर्घायु की कामना के साथ कई गागर गंगा जल भेजा। कई कांवड़िये जल लेकर प्रयागराज पहुंचे। मंत्री ने बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी से आए गंगा जल से कालकंटक भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
परमार्थ आश्रम निकेतन के स्वामी चिदानंद पहुंचे मंत्री नंदी को आशीर्वाद देने।
- फोटो : अमर उजाला।
स्वामी चिदानंद के साथ मंत्री राकेश सचान, अनिल राजभर व मन्नूकोरी ने दीं शुभकामनाएं
उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवा योजन मंत्री अनिल राजभर, राज्य मंत्री श्रम एवं सेवायोजन विभाग मनोहर लाल (मन्नू कोरी) मंत्री नंदी के पुनर्प्राप्त जन्मोत्सव में सम्मिलित हुए। बहादुरगंज स्थित मनोकामना पूर्ति शिव मंदिर में पूजन अर्चन के साथ ही मंत्री नंदी को पुर्नप्राप्त जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दी। परमार्थ निकेतन ऋषिकेश के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती भी शनिवार को प्रयागराज पहुंचे। उन्होंने बहादुरगंज स्थित प्राचीन मनोकामना पूर्ति शिव मंदिर में पूजन अर्चन कर मंत्री नंदी को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दी। सांसद प्रवीण पटेल, भाजपा गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता के साथ ही अन्य गणमान्यजन भी समारोह में सम्मिलित हुए।
अभिनेता मनोज जोशी एवं अभिषेक अग्रवाल रहे मौजूद
मालामाल विकली एवं हलचल जैसी मशहूर फिल्मों में महत्वपूर्ण अभिनय से अपनी पहचान बनाने वाले बॉलीवुड के अभिनेता मनोज जोशी एवं कश्मीर फाइल जैसी महत्वपूर्ण फिल्म के निर्माता अभिषेक अग्रवाल भी प्रयागराज पहुंचे और मंत्री नंदी के पुर्नप्राप्त जन्मोत्सव में सम्मिलित हुए।
12 जुलाई को ही हुआ था नंदी पर जानलेवा हमला
12 जुलाई 2010 को ही कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी पर जानलेवा हमला हुआ था। इस मामले में 50 से ज्यादा लोगों की गवाही हो चुकी है और एमपीएमएलए कोर्ट में लगातार सुनवाई चल रही है। बता दें कि 12 जुलाई 2010 को बहादुरगंज क्षेत्र में बसपा सरकार में तत्कालीन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी पर रिमोट से विस्फोट कर जानलेवा हमला किया गया था। इसमें घायल राकेश मालवीय और पत्रकार विजय प्रताप सिंह की मौत हो गई। इस प्रकरण में विवेचना के बाद पूर्व विधायक विजय मिश्रा, दिलीप मिश्रा सहित 16 अभियुक्तों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया गया है। इसमें से एक राजेश पायलट की मौत हो चुकी है।