सिविल लाइंस के दयानंद मार्ग स्थित पतंजलि स्टोर पर निर्धारित तारीख से पहले के खाद्य उत्पाद बेचे जाने का मामला सामने आया है। इन उत्पादों की बिक्री छूट पर हो रही थी। शिकायत पर खाद्य नियंत्रण विभाग की टीम ने ऐसे तीन तरह के उत्पाद सीज कर दिए हैं। साथ में नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
विभाग के अफसरों को छूट देने के नाम पर खेल की शिकायत मिली थी। इस पर अभिहित अधिकारी डॉ. एसपी सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सीएल यादव आदि अफसरों ने बृहस्पतिवार को पतंजलि स्टोर पर कार्रवाई की। अभिहित अधिकारी ने बताया कि रोस्टेड नमकीन के उपयोग की अवधि खत्म हो चुकी थी लेकिन उसकी बिक्री की जा रही थी। इसी तरह से गजक पर उत्पादन की तारीख ही नहीं पड़ी थी। ऐसे दो तरह के गजक थे। स्टोर में उपलब्ध तीनों उत्पाद सीज कर दिए गए हैं। उनकी कीमत 25 से 30 हजार रुपये बताई जा रही है। बताया कि खाद्य विश्लेषक से नमूनों की जांच कराई जाएगी। उनकी रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय प्रताप सिंह, सच्चिदानंद राय, योगेश राय, हेमलता, रजनीश राय आदि शामिल रहे।