कड़ाधाम कोतवाली क्षेत्र के कड़ा कजियाना गांव में शुक्रवार की देर शाम एक 65 वर्षीय वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा काटा। परिजनों ने कुछ लोगों पर वृद्ध की पीट-पीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कड़ा के कजियाना गांव के कासिम अली पुत्र रहमत अली की शुक्रवार की देर शाम संदिग्ध हालत में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने वृद्ध को सीएचसी कड़ा में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उसकी पीट-पीट कर हत्या कर दी है। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा काटा। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी सिराथू योगेंद्र कृष्ण नारायण ने परिजनों को समझाबुझा कर मामला शांत कराया। उन्होंने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है। कड़ाधाम पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।