भीषण गर्मी के बीच शहर की बिजली व्यवस्था लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। फॉल्ट, ट्रिपिंग, केबल जलने और लोड बैलेंसिंग के नाम पर लगातार हो रही बिजली कटौती से उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल पा रही है। हालात यह हैं कि शहर के अलग-अलग इलाकों में बुधवार देर रात से लेकर बृहस्पतिवार देर रात तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
सेवई मंडी क्षेत्र में अंडरग्राउंड केबल में फॉल्ट आने से बुधवार रात करीब नौ बजे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। फॉल्ट गंभीर होने के कारण पूरे इलाके में लगभग 22 घंटे तक बिजली गुल रही। विभाग की ओर से नया केबल लगाने और मरम्मत कार्य के बाद बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे आपूर्ति बहाल की जा सकी।
एसडीओ अनिल यादव ने बताया कि अंडरग्राउंड केबल में फॉल्ट की सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी। बृहस्पतिवार दोपहर से लगातार मरम्मत कार्य और नया केबल लगाने का काम किया गया। फॉल्ट दूर होने के बाद शाम करीब 7 बजे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
बुधवार रात से बिजली गुल होने के कारण पूरी रात और दिनभर लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी में घरों में रहना मुश्किल हो गया। सुबह मोटर नहीं चलने से पानी की समस्या उत्पन्न हो गई। -मोहम्मद तस्लीम रजा, स्थानीय निवासी
करीब 22 घंटे बिजली नहीं रहने से लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई। मोबाइल चार्ज नहीं हो सके, कूलर-पंखे बंद रहे और कई लोग अपने जरूरी काम भी नहीं कर पाएं।-मोहम्मद नसीम, स्थानीय निवासी
बृहस्पतिवार को लेडीज पार्क के पास 11 केवी की केबल जल जाने से साउथ मलाका, आजाद नगर, क्राॅउन होटल और आसपास के क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति शाम करीब चार बजे ठप हो गई। देर रात तक मरम्मत कार्य चलता रहा। क्षेत्र में अंधेरा छाया रहने से लोगों को उमस और गर्मी में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जेई रितेश दिवाकर ने बताया कि केबल बदलने और फॉल्ट दुरुस्त करने का काम जारी है। तथा देर रात तक आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
उधर चौफटका, सुलेमसराय, ताड़बाग और बमरौली फीडर से जुड़े इलाकों में बुधवार रात करीब 11 बजे बिजली चली गई। जो रात 2:30 बजे के बाद ही बहाल हो सकी। करीब साढ़े तीन घंटे की कटौती से लोग रातभर गर्मी में परेशान रहे। कई परिवारों को घरों की छतों और बाहर खुले स्थानों पर समय बिताना पड़ा।
पुराने शहर के बैगन टोला, याकूदगंज, दायरा शाह अजमल, कोल्हान टोला और मंसूर पार्क क्षेत्रों में बुधवार रात से लेकर बृहस्पतिवार दिनभर बिजली की आंख-मिचौली जारी रही। स्थानीय लोगों के अनुसार चार से पांच बार आधे-आधे घंटे के लिए बिजली काटी गई। कहीं फॉल्ट तो कहीं लोड बैलेंसिंग के कारण आपूर्ति बाधित रही।
करेली, हिम्मतगंज और खुल्दाबाद क्षेत्रों में बुधवार रातभर और बृहस्पतिवार को भी दिनभर तीन से चार बार बिजली कटौती की गई। वहीं लूकरगंज क्षेत्र में एबीसी केबल को ठीक करने के लिए बिजली आपूर्ति कुछ समय के लिए बंद रखी गई। इसके अलावा कई बार ट्रिपिंग के कारण भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
कीडगंज, रामबाग, बैरहना, मुट्ठीगंज, गऊघाट, कटघर और कोठापार्चा क्षेत्रों में बुधवार रात 11 बजे से लेकर गुरुवार सुबह तक चार से पांच बार बिजली बाधित हुई। आधे घंटे से लेकर एक घंटे तक की कटौती के कारण लोगों की नींद प्रभावित हुई। सुबह के समय बिजली न रहने से पानी की समस्या और गंभीर हो गई।
तेलियरगंज, गोविंदपुर, सलोरी, छोटा बघाड़ा, कटरा और कर्नलगंज क्षेत्रों में भी रातभर बिजली की आंख-मिचौली जारी रही। यहां भी चार से पांच बार बिजली कटौती की गई। बृहस्पतिवार को भी ऐसे ही हालात बने रहे। सुबह के समय बिजली न मिलने से पानी की आपूर्ति प्रभावित रही और लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
केंद्रांचल उपकेंद्र से जुड़े न्याय नगर, कबीर मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में भी दिनभर तीन से चार बार बिजली आती-जाती रही। बार-बार हो रही कटौती से उपभोक्ताओं में नाराजगी देखी गई। धूमनगंज, हरवारा, इलाकों में भी बिजली की आवाजाही जारी रही।
काटजू सड़क स्थित काॅल्विन अस्पताल के पास जंपर खराब होने से सुबह सात बजे से नौ बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। सुबह के समय बिजली न मिलने से कई घरों में मोटर नहीं चल सकी।