खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम में मुट्ठीगंज में सीज किया तेल।
- फोटो : अमर उजाला।
पुरानी टीन के डिब्बे और प्लास्टिक के कंटेनर में सरसों तेल व राइस ब्रान ऑयल की रीपैकिंग के मामले में खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बुधवार को मुट्ठीगंज में कार्रवाई करते हुए तकरीबन सात लाख रुपये का तेल सीज कर दिया।
डीएम मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर विभाग की टीम ने दीपावली के त्यौहार के मद्देनजर खाद्य पदार्थों के 15 नमूने भी संकलित किए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय के निर्देशन और मुख्य सुरक्षा अधिकारी के पर्यवेक्षण में मुट्ठीगंज स्थित फर्म का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि फर्म का लाइसेंस होलसेल श्रेणी का है लेकिन वहां पर राइस ब्रान ऑयल और सरसों के तेल की रीपैकिंग प्लास्टिक के कंटेनर एवं पुरानी टीन के डिब्बाें में की जा रही है। वहां से टीम द्वारा सरसों के तेल के तीन सैंपल लेते हुए 1495 किलोग्राम सरसों का तेल सीज कर दिया गया, जिसका मूल्य 228445 रुपये है।
वहीं, टैंक में स्थित राइस ब्रान ऑयल के दो नमूने लेते हुए 3800 किलोग्राम राइस ब्रान ऑयल सीज किया गया जिसका मूल्य 494000 रुपये है। साथ ही मशीन, कंटेनर और अन्य उपकरण भी सीज कर दिए गए। वहीं, विभाग की टीमों ने छेना की मिठाई, बर्फी, फ्रोजन डेजर्ट ,चीनी खिलौने, खोवा, मिल्क केक, पनीर व घी के नमूने लिए और मिलावट की आशंका पर 44 किलोग्राम खोवा, नौ किलोग्राम मिल्क केक नष्ट कराया।