indian national congress
सोमवार को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय की ओर से प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदेश भर में वर्चुअल विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया था। यहां भी जिला और शहर के पदाधिकारियों को कार्यालयों पर एकत्र होकर प्रदर्शन करना था। इसी के अंतर्गत सोमवार को चौक स्थित शहर कांग्रेस कार्यालय पर भी शहर कमेटी के सदस्यों के साथ पार्टी के फ्रंटल आर्गनाईजेशन के पदाधिकारी मौजूद थे। वर्चुअल प्रदर्शन सुबह 11 बजे से शुरू होकर दोपहर 12 बजे होना था। इसमें शहर कांग्रेस मंत्री इरशाद उल्ला और अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के महानगर अध्यक्ष अरशद अली वारसी भी पहुंचे थे।
वर्चुअल प्रदर्शन के दौरान आगे बैठने को लेकर इरशाद उल्ला और अरशद अली वारसी के बीच तू-तू मैं-मैं होने लगी। इरशाद उल्ला का कहना है कि वह पार्टी कार्यालय पर आगे पहुंचे थे। लिहाजा, वे आगे बैठ गए। अरशद अली वारसी देर से आए और उनसे धक्का-मुक्की करते हुए उनके आगे आने की कोशिश करने लगे। इसी में बात इतनी बढ़ गई। जबकि, अरशद अली ने कहा कि वर्चुअल प्रदर्शन जूम एप पर होना था। इसकी आईडी उनके पास थी। लिहाजा, वे उसे चलाने के लिए आगे बढ़े तो इरशाद अली ने उन्हें पीछे धकेलकर मारपीट पर उतारू हो गए।
पूरे वर्चुअल प्रदर्शन के दौरान वह ऐसा करता रहे। वर्चुअल प्रदर्शन के बाद जब वहां मौजूद दूसरे नेता कार्यालय के प्रदर्शन हाल से नीचे उतर गए तो इरशाद पूरी तरह से पार्टी अनुशासन भूल बैठे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट उतारू हो गए। उधर, दोनों पदाधिकारियों के आपस में भिड़ने से हड़कंप मच गया। वहां मौजूद दूसरे नेता प्रदर्शन हाल में पहुंच आए और दोनों नेताओं को दूर किया। हंगामा की सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई। हालांकि, तब तक मामला शांत हो चुका था। किसी ने थाने में तहरीर नहीं दी है। उधर, अरशद अली वारसी का कहना है कि उन्होंने पार्टी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष से मामले की शिकायत कर जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।