कोरोना काल में रिश्तों को तार-तार करने वाली कई घटनाएं सामने आईं और एक ऐसा ही मामला शहर में भी सामने आया है। जार्जटाउन में रहने वाले परियोजना विभाग के अफसर की पत्नी की कोविड से मौत के बाद उनके रिश्तेदार घर से गहने उठा ले गए। इसकी जानकारी अफसर को पत्नी के अंतिम संस्कार के करीब 15 दिन बाद हुई। उनकी शिकायत पर जार्जटाउन पुलिस ने पांच के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लाउदर रोड पर रहने वाले रमेश चंद्र परियोजना विभाग में अफसर हैं और उनकी वर्तमान तैनाती संभल जनपद में है। उन्होंने पुलिस को बताया कि अप्रैल में उनकी पत्नी शशिकला कोविड संक्रमित हो गई थीं जिसके बाद उनका शहर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। काफी कोशिशों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका और 30 अप्रैल को उनकी मौत हो गई। उनके अंतिम संस्कार व अन्य क्रिया-कर्म के बाद 15 मई को उन्होंने आलमारी खोली तो उसमें से लाखों रुपये के गहने गायब मिले। इनमें सोने के दो हार, चार चूड़ियों के अलावा मंगलसूत्र, चेन, झुमके, अंगूठी-पेटी व चांदी के बर्तन शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि पत्नी के बीमार होने के दौरान 21 अप्रैल से घर पर उनके साले व्रजभूषण अपनी पत्नी सुमित्रा व बच्चों समेत आकर रहने लगे। पत्नी की बीमारी के चलते वह अपने बेटे के साथ सुबह सात बजे घर से निकल जाते थे और रात में 11 बजे आने के बाद बैठके में ही सो जाते थे। अफसर ने मामले की लिखित शिकायत जार्जटाउन थाने में की। जिसमें आरोप लगाया कि साले और उसकी पत्नी ने ही अपने दो रिश्तेदारों की मदद से गहने गायब किए। आरोप यह भी है कि साले के रिश्तेदारों ने उनके बेटे को जबरिया बुलाने की धमकी भी दी। जार्जटाउन इंस्पेक्टर शिशुपाल शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच पड़ताल की जा रही है।