अमर उजाला में दिवाली के पहले ट्रेनों में नो रूम और लंबी प्रतीक्षा सूची का मुद्दा उठाए जाने के बाद रेलवे प्रशासन ने प्रयागराज और सूबेदारगंज स्टेशनों से संचालित स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाने का निर्णय लिया है। इनसे यात्रियों को कंफर्म टिकट की टेंशन कुछ हद तक कम हो सकती है। शेड्यूल के अनुसार, प्रयागराज और सूबेदारगंज से उधना, साबरमती, वलसाड, दादर, इंदौर और वेरावल के लिए कुल सात जोड़ी विशेष ट्रेनों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। इनमें प्रयागराज जंक्शन से उधना के लिए द्वि-साप्ताहिक विशेष ट्रेन (04105/04106) को एक अक्तूबर से 30 नवंबर तक बढ़ाया गया है। ट्रेन हर बृहस्पतिवार और रविवार को रवाना होगी।
इसी प्रकार प्रयागराज से साबरमती के लिए गाड़ी संख्या 04179/04180 (गाड़ी संख्या 04111/04112 के स्थान पर) तीन अक्तूबर से 29 नवंबर तक हर शनिवार और मंगलवार को चलेगी। प्रयागराज से दादर के लिए साप्ताहिक विशेष ट्रेन (04139/04140) दो अक्तूबर से 29 नवंबर तक हर शुक्रवार को और प्रयागराज से वेरावल के लिए गाड़ी (04173/04174) एक अक्तूबर से 27 नवंबर तक हर बृहस्पतिवार को दौड़ेगी।
दूसरी ओर सूबेदारगंज से वलसाड के लिए साप्ताहिक विशेष ट्रेन (04119/04120) तीन अक्तूबर से 29 नवंबर तक हर शनिवार को चलाई जाएगी, जबकि इसी रूट की एक अन्य गाड़ी (04177/04178) का संचालन छह अक्तूबर से 25 नवंबर के बीच हर मंगलवार को होगा। सूबेदारगंज से उधना के बीच द्वि-साप्ताहिक विशेष गाड़ी (04155/04156) 19 अक्तूबर से 27 नवंबर तक हर सोमवार और बृहस्पतिवार को उपलब्ध रहेगी।
इसके अलावा सूबेदारगंज से दादर के लिए गाड़ी (04175/04176) साप्ताहिक विशेष गाड़ी चार अक्तूबर से 24 नवंबर के बीच प्रत्येक रविवार को तथा सूबेदारगंज से इंदौर के लिए गाड़ी (04169/04170) द्वि-साप्ताहिक विशेष गाड़ी दो अक्तूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार और सोमवार को यात्रियों की सेवा के लिए पटरी पर उतरेगी।