उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की आगामी भर्ती परीक्षाओं के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) तेजी से हो रहे हैं। ओटीआर करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या 16 लाख के करीब पहुंच गई है। विज्ञापन जारी होने तक यह संख्या 20 लाख के आसपास पहुृंच सकती है।
यूपीपीएससी की भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने के लिए एक अप्रैल 2023 से ओटीआर अनिवार्य कर दिया गया है। बिना ओटीआर के अभ्यर्थियों के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को पहले ओटीआर नंबर प्राप्त करना होगा। ओटीआर नंबर के आधार पर ही आवेदन स्वीकृत होंगे।
आयोग ने पिछले दिनों अपर निजी सचिव (एपीएस), स्टाफ नर्स जैसी महत्वपूर्ण भर्तियों के विज्ञापन जारी किए थे। उस वक्त बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के एक साथ ओटीआर करने से पोर्टल पर लोड बढ़ गया था और अभ्यर्थी ओटीआर की प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके थे। ऐसे में आयोग को दोनों भर्तियों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ानी पड़ी थी।
इस बार आयोग ने पहले ही सूचना जारी कर दी कि पीसीएस-2024, प्रवक्ता राजकीय महाविद्यालय आदि भर्तियों के विज्ञापन जल्द ही जारी होने वाले हैं। ऐसे में अभ्यर्थी अभी से ओटीआर की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि विज्ञापन जारी होने के बाद पोर्टल पर अतिरिक्त दबाव न पड़े और अभ्यर्थी आवेदन से वंचित न हों।